- गोविंदपुर गांव की घटना, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद खुलेगा मौत का राज
- पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, जांच में जुटी पुलिस
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला : सरायकेला थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के एक तालाब में एक महिला का शव तैरता हुआ पाया गया। मृतका की पहचान शीला गोप के रूप में हुई है। तालाब में शव देखे जाने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : नरवा पहाड़ यूसिल कॉलोनी में संथाली शीतकालीन परीक्षा का समापन
सरायकेला में संदिग्ध मौत से ग्रामीणों में भय
मृतका के पति नरेश गोप ने पुलिस को बताया कि शीला सोमवार रात करीब दो बजे घर से बाहर निकली थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर उन्होंने आसपास और गांव के स्कूल के पास उसकी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। नरेश गोप ने बताया कि उन्हें लगा कि शीला शायद बिना बताए अपने मायके या बहन के घर चली गई होगी। रविवार सुबह जब ग्रामीण तालाब की ओर गए, तो पानी में तैरते शव को देखा और इसकी सूचना तुरंत दी गई। मौके पर पहुंचे नरेश गोप ने शव की पहचान अपनी पत्नी के रूप में की। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
























