- वार्ड 5 के शिविर में अव्यवस्था, जिम्मेदार अधिकारी नदारद
- सरकारी सेवाओं की कमी से योजना का उद्देश्य प्रभावित
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने वार्ड संख्या 5 के शिविर का निरीक्षण किया, जहां आम जनता की अनुपस्थिति और कुछ कर्मियों के सुस्त रवैये को देखकर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र में “आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार” कार्यक्रम की स्थिति बेहद चिंताजनक है। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को घर बैठे सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना है, लेकिन यहां सिर्फ औपचारिकता निभाई जा रही है। शिविर में न तो जिम्मेदार अधिकारी मौजूद थे और न ही ऑन-द-स्पॉट समस्या समाधान की कोई व्यवस्था। परिणामस्वरूप लोग अपनी शिकायतें लेकर आते हैं, लेकिन निराश होकर वापस लौट जाते हैं।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : एनएच-33 आसनबनी फायरिंग कांड का चांडिल पुलिस ने किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
कोरम पूरा, समाधान नदारद—जनता हुई परेशान
चौधरी ने बताया कि वृद्धा, दिव्यांग एवं विधवा पेंशन, जाति, आय, जन्म–मृत्यु प्रमाण पत्र सहित विभिन्न सेवाओं का तत्काल निस्तारण किए जाने का प्रावधान है, लेकिन शिविरों में इसका पालन नहीं हो रहा है। उन्होंने मैया सम्मान योजना के आवेदन ऑफलाइन लिए जाने पर भी आपत्ति जताई, जबकि सरकार की गाइडलाइन के अनुसार यह प्रक्रिया ऑनलाइन होनी चाहिए। इसके अलावा बिजली संबंधी शिकायतों, जमीन की जमाबंदी और भू–मापी मामलों के समाधान के लिए भी कोई व्यवस्था नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि इस तरह की अव्यवस्था से यह महत्वाकांक्षी योजना अपने उद्देश्य से भटक रही है और शहरी क्षेत्र की जनता को इसका वास्तविक लाभ नहीं मिल पा रहा है।
























