- भारी पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में प्रशासन ने चलाया अभियान
- विरोध के बीच प्रशासन ने चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र स्थित दास बस्ती में सोमवार को जमशेदपुर कोर्ट के आदेश के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई बिनोद दास और उनके परिवार की जमीन को खाली कराने के लिए की गई। जानकारी के अनुसार उनकी जमीन पर एक बिल्डर द्वारा अवैध तरीके से बिल्डिंग बना दी गई थी। इस मामले को लेकर करीब 24 साल तक कोर्ट में मुकदमा चलता रहा। हाल ही में कोर्ट ने फैसला बिनोद दास और उनके परिवार के पक्ष में सुनाया और जमीन को खाली कराने का आदेश दिया। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई की तैयारी शुरू की।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : गम्हरिया के पाकुड़गोड़ा में बंद घर में चोरी, लाखों के गहने और नकद ले उड़े चोर
24 साल पुराने जमीन विवाद में कोर्ट का बड़ा फैसला
सोमवार को प्रशासन ने भारी संख्या में पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती के बीच अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। इस दौरान कुछ लोग जमीन पर अपना दावा करते हुए सामने आए और आरोप लगाया कि नापी के दौरान उनकी जमीन को भी गलत तरीके से शामिल कर लिया गया है। उन्होंने कार्रवाई का विरोध भी किया, लेकिन प्रशासन ने कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए विरोध को दरकिनार कर दिया और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया पूरी की।























