- पुरानी रंजिश में युवक पर चलाई गई थी गोली, पुलिस ने बरामद किए हथियार और कारतूस
जेबी लाइव, रिपोर्टर
आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में युवक पर गोली चलाने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं। इस संबंध में गुरुवार को पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आदित्यपुर थाना कांड संख्या 67/2026, दिनांक 3 मार्च 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 109/3 (5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज किया गया था। यह घटना 2 मार्च 2026 की है, जब नामजद आरोपी शुभम सरकार और राज लोहार उर्फ कालू ने राजवीर सिंह उर्फ लालू (19 वर्ष), पिता जिती सिंह, निवासी मांझी टोला सिरिस भट्ठा, थाना आदित्यपुर तथा उसके साथी आशीष दीप पर जान मारने की नीयत से गोली चला दी थी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर पुलिस में बड़ा फेरबदल, एसएसपी ने 53 पुलिस पदाधिकारियों का किया तबादला
मोटरसाइकिल पर बैठे युवक को लगी थी गोली, TMH में कराया गया था इलाज
पुलिस के अनुसार घटना के समय राजवीर सिंह उर्फ लालू अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार था। इसी दौरान पीछे बैठे राजवीर सिंह को गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत इलाज के लिए जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले के खुलासे के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर सर्वैया के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद आरोपियों शुभम सरकार और राज लोहार उर्फ कालू को गिरफ्तार कर लिया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : पत्नी से नशे को लेकर विवाद के बाद पति ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
छापेमारी में पिस्टल, कट्टा, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों के पास से कई अहम सामान बरामद किए हैं। बरामद सामान में टीवीएस अपाची मोटरसाइकिल (JH05EC-1079), दो ओप्पो कंपनी के एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, एक मैगजीन, देशी पिस्टल की 16 जिंदा गोलियां और देशी कट्टा की 4 जिंदा गोलियां शामिल हैं। पुलिस की पूछताछ में यह भी सामने आया कि इस घटना के पीछे पुरानी रंजिश थी। बताया गया कि आरोपी शुभम सरकार के पिता पिछले तीन वर्षों से मानगो थाना क्षेत्र के एक हत्या मामले में जेल में बंद हैं। इसी दौरान उसकी मां का आकाश दीप नामक व्यक्ति से संबंध हो गया और वह उसे लेकर गुजरात चला गया था। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा था। छापेमारी टीम में एसडीपीओ समीर सर्वैया, आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की समेत कई पुलिस पदाधिकारी और तकनीकी शाखा की टीम शामिल थी।





















