- कुदादा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मारी, ग्रामीणों में आक्रोश
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : सुंदरनगर थाना क्षेत्र के कुदादा के पास रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार दो किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान दुर्गा हेंब्रम (16) निवासी हिस्कू गांव और मार्शल सोरेन (15) निवासी केडो गांव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों किशोर हीरो होंडा स्प्लेंडर बाइक से कहीं जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी और गुस्से का माहौल बन गया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : नेशनल लोक अदालत में 2,90,458 मामलों का हुआ निपटारा और 46.60 करोड़ की राजस्व प्राप्ति
ग्रामीणों ने सड़क जाम कर ट्रक चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पकड़कर बंधक बना लिया। सूचना मिलने के बाद सुंदरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके साथ ही ट्रक चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।























