- सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में विवाह के विरोध पर हुई मारपीट, दो लोग गंभीर रूप से घायल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। भुइयांडीह स्थित मुर्गा पाड़ा निवासी संजीत कुमार साहू (24 वर्ष) ने 14 मार्च को अपनी प्रेमिका कशिश कुमारी गुप्ता (21 वर्ष) के साथ सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर में प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद संजीत अपनी पत्नी को लेकर ह्यूमपाइप इंद्रा नगर स्थित अपने घर पहुंचे। जैसे ही इस विवाह की जानकारी लड़की के परिजनों को मिली, वे आक्रोशित हो गए। आरोप है कि उसी रात करीब 11:30 बजे लड़की पक्ष के करीब पांच लोग एकजुट होकर संजीत के घर पहुंचे। हमलावरों ने लात से मार कर घर का मुख्य दरवाजा तोड़ दिया और जबरन घर के अंदर घुस गए। इसके बाद उन्होंने गाली-गलौज करते हुए घर में मौजूद लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान हुई हिंसक झड़प में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : भादुआ गांव में हाथियों का तांडव, रातभर मशाल लेकर फसलों की कर रहे हैं रखवाली
प्रेम विवाह के विरोध में हिंसा, पड़ोसियों में भय और चिंता
शोरगुल सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए, जिसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घायलों का प्राथमिक उपचार कराया और पूरे मामले की जानकारी ली। पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है। वहीं घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।























