जलापूर्ति ठप होने से ग्रामीणों को दूर-दराज से लाना पड़ रहा पानी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मनोहरपुर : मनोहरपुर प्रखंड के बरंगा पंचायत अंतर्गत जराटोली गांव में स्थापित सोलर संचालित जलमीनार पिछले छह माह से खराब पड़ा हुआ है, जिससे गांव के सैकड़ों ग्रामीण गंभीर पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, गांव जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे स्थापित यह सोलर जलमीनार पेयजल आपूर्ति का प्रमुख साधन था और अधिकांश परिवार इसी पर निर्भर थे। जलमीनार के बंद होने के बाद लोगों को पीने और घरेलू उपयोग के लिए दूर-दराज के जलस्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है। खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में भी स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं होने से उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। लंबे समय से समस्या बनी रहने के बावजूद अब तक इसका समाधान नहीं हो सका है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
इसे भी पढ़ें : Manoharpur : विश्व कल्याण आश्रम ने छह मंदिरों के निर्माण के लिए भेजी सामग्री
वेंडर पर मोटर-स्टार्टर ले जाने का आरोप, जल्द मरम्मत की मांग
ग्रामीणों ने बताया कि जलमीनार खराब होने की सूचना कई बार बरंगा पंचायत के मुखिया और संबंधित विभाग को दी गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि मरम्मत के नाम पर संबंधित वेंडर जलमीनार का मोटर और स्टार्टर खोलकर अपने साथ ले गया था, लेकिन छह माह बीत जाने के बाद भी उसे वापस लगाकर जलमीनार को चालू नहीं कराया गया। इसके कारण गांव में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं पेयजल एवं स्वच्छता विभाग से अविलंब हस्तक्षेप कर जलमीनार की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द जलमीनार चालू नहीं कराया गया तो ग्रामीणों को आंदोलन का रास्ता अपनाने पर मजबूर होना पड़ सकता है। लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करेगा।






















