घाटशिला स्टेशन परिसर में चालकों पर कथित दबाव का मामला
RPF प्रभारी ने अनावश्यक कार्रवाई नहीं होने का दिया आश्वासन
चालकों ने विधायक के समक्ष रखी समस्याएं, आर्थिक बोझ बढ़ने की जताई चिंता
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला : घाटशिला रेलवे स्टेशन परिसर में टेंपू चालकों को प्रतिदिन एक केस लेने का दबाव बनाए जाने की शिकायत को लेकर क्षेत्रीय विधायक सोमेश चंद्र सोरेन हरकत में आए। टेंपू चालकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने विधायक से मुलाकात कर बताया कि रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की ओर से उन पर प्रतिदिन एक केस लेने का दबाव बनाया जा रहा है, जिससे वे मानसिक रूप से परेशान हैं। चालकों का कहना था कि पहले से ही कई ट्रेनों के समय पर नहीं चलने के कारण उनकी आमदनी प्रभावित हो रही है। यात्रियों की संख्या कम होने से उनका रोजगार संकट में है, ऐसे में इस प्रकार का अतिरिक्त दबाव उनके लिए आर्थिक और मानसिक परेशानी का कारण बन रहा है। चालकों ने विधायक से मामले में हस्तक्षेप कर राहत दिलाने की मांग की।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : बेनासोल में दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का हुआ शुभारंभ
RPF प्रभारी ने दिया भरोसा, भविष्य में नहीं होगा उत्पीड़न
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने घाटशिला रेलवे स्टेशन पहुंचकर RPF प्रभारी पी.के. कश्यप से विस्तृत वार्ता की। विधायक ने टेंपू चालकों की समस्याओं और उनकी शिकायतों से RPF अधिकारियों को अवगत कराया। चर्चा के दौरान RPF प्रभारी ने आश्वासन दिया कि भविष्य में किसी भी टेंपू चालक के साथ अनावश्यक कार्रवाई या उत्पीड़न नहीं किया जाएगा तथा सभी मामलों में नियमों के अनुरूप ही कदम उठाए जाएंगे। इस आश्वासन के बाद चालकों ने राहत की सांस ली। मौके पर बड़ी संख्या में टेंपू चालक उपस्थित रहे। वहीं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कई कार्यकर्ताओं ने भी चालकों की मांगों का समर्थन करते हुए उनकी समस्याओं के समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया।


























