सरायकेला-राजनगर मुख्य मार्ग पर सुबह 6 से 9 बजे तक ठप रहा आवागमन
रोजाना तीन बार पानी छिड़काव का आश्वासन पूरा नहीं होने पर ग्रामीणों ने जताया विरोध
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला : सरायकेला-राजनगर मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही से उड़ने वाली धूल और प्रदूषण से परेशान शासन गांव के ग्रामीणों का आक्रोश शुक्रवार की सुबह एक बार फिर फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने सुबह करीब 6 बजे सड़क पर उतरकर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। अचानक सड़क जाम होने से मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे राहगीरों, यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों का कहना था कि सड़क पर लगातार वाहनों के गुजरने से भारी मात्रा में धूल उड़ती है, जिससे आसपास के घरों और दुकानों में धूल जमा हो रही है। लोगों को रोजमर्रा के कामकाज में परेशानी हो रही है। लंबे समय से समस्या का समाधान नहीं होने के कारण ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। करीब तीन घंटे तक चले इस विरोध प्रदर्शन के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : समग्र शिक्षा एवं एमडीएम योजनाओं की जिला स्तरीय जनसुनवाई आयोजित
प्रशासन के आश्वासन के बावजूद बंद हो गया था पानी का छिड़काव
ग्रामीणों के अनुसार, करीब दो सप्ताह पहले भी उड़ती धूल की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने लगातार 36 घंटे तक सड़क जाम किया था। उस समय स्थानीय प्रशासन ने प्रतिदिन तीन बार टैंकर के माध्यम से सड़क पर पानी का छिड़काव कराने का आश्वासन दिया था। आश्वासन के बाद कुछ दिनों तक नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया गया, जिससे ग्रामीणों को धूल से थोड़ी राहत मिली थी। लेकिन कुछ दिनों बाद ही पानी का छिड़काव बंद कर दिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन की ओर से किए गए वादे को गंभीरता से नहीं लिया गया। इसके कारण समस्या फिर से जस की तस हो गई। लगातार उड़ती धूल से परेशान ग्रामीणों ने शुक्रवार को सुबह-सुबह सड़क जाम कर प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित कराया। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जब तक सड़क पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव सुनिश्चित नहीं किया जाता, तब तक उनकी परेशानी दूर नहीं होगी।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : धनतेरस पर सरायकेला बाजार में उमड़ी खरीदारों की भीड़, 10 करोड़ से अधिक का कारोबार
पानी छिड़काव शुरू होने के आश्वासन पर सुबह 9 बजे हटा जाम
सड़क जाम की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। काफी देर तक बातचीत के बाद प्रशासन ने तत्काल पानी का टैंकर मंगवाकर सड़क पर छिड़काव शुरू कराया। साथ ही ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि धूल की समस्या से राहत दिलाने के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाएगा। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने सुबह करीब 9 बजे सड़क जाम समाप्त कर दिया। इसके बाद पुलिस ने सड़क के दोनों ओर फंसे वाहनों को धीरे-धीरे निकलवाकर यातायात सामान्य कराया। हालांकि, ग्रामीणों ने नियमित पानी छिड़काव की व्यवस्था बनाए रखने की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन अपने आश्वासन पर कितनी गंभीरता से अमल करता है।
























