पर्यटकों को मिलेगा नौकाविहार और एडवेंचर स्पोर्ट्स का आनंद
उपायुक्त ने प्राक्कलन तैयार करने और पर्यटन स्थलों के विकास कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के पर्यटन स्थलों को आकर्षक और सुविधायुक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। सीतारामपुर डैम, पालना डैम और सतनाला डैम को प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी की जा रही है। इन तीनों जलाशयों में पर्यटकों के लिए बोटिंग (नौकाविहार) की सुविधा शुरू करने की योजना है। इसे लेकर समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पर्यटन संवर्धन समिति की उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के पर्यटन स्थलों के कायाकल्प, पर्यटकों की सुरक्षा, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और एडवेंचर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने से संबंधित योजनाओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने जिला खेल पदाधिकारी-सह-जिला पर्यटन पदाधिकारी अमित कुमार को निर्देश दिया कि तीनों डैमों का भौतिक आकलन कर बोटिंग संचालन की संभावनाओं का पता लगाएं तथा आवश्यक प्रस्ताव एवं प्राक्कलन तैयार कर जल्द विभाग को उपलब्ध कराएं।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : उड़ती धूल से परेशान शासन गांव के ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, तीन घंटे तक सड़क जाम
सीतारामपुर, सतनाला और पालना डैम में नौकाविहार की सुविधा शुरू करने की तैयारी
बैठक में सीतारामपुर डैम, सतनाला डैम, भीमखंडा, श्मशान काली मंदिर सरायकेला, शिव मंदिर रामगढ़ और करकेटा डैम कुचाई सहित ग्रेड-ए, बी एवं सी श्रेणी में चिह्नित पर्यटन स्थलों पर चल रहे विकास कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वीकृत योजनाओं का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों के विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जाए, ताकि योजनाओं में अनावश्यक विलंब न हो। साथ ही पर्यटन स्थलों के आसपास संचालित होटलों और होमस्टे का नियमानुसार पंजीकरण कराने का निर्देश दिया गया, जिससे पर्यटकों को सुरक्षित और बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : समग्र शिक्षा एवं एमडीएम योजनाओं की जिला स्तरीय जनसुनवाई आयोजित
पर्यटन स्थलों पर जिपलाइन, एडवेंचर झूले और आकर्षक लाइटिंग की होगी व्यवस्था
पर्यटकों के आकर्षण और मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने विभिन्न पर्यटन स्थलों पर आधुनिक सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव तैयार करने को कहा। इसके तहत कनेक्टिंग एप्रोच रोड, बैठने एवं विश्राम करने की व्यवस्था, गजीबो, जिपलाइन, एडवेंचर झूले, आकर्षक लाइटिंग, सेल्फी प्वाइंट और सूचनात्मक साइनेज जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों पर पहुंचने वाले लोगों को बेहतर अनुभव मिलना चाहिए। इसके लिए आधारभूत संरचना के साथ सुरक्षा और साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और समयबद्धता को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : धनतेरस पर सरायकेला बाजार में उमड़ी खरीदारों की भीड़, 10 करोड़ से अधिक का कारोबार
सोशल मीडिया से होगी जिले के पर्यटन स्थलों की ब्रांडिंग, बैठक में कई अधिकारी रहे मौजूद
उपायुक्त ने जिले के पर्यटन स्थलों की पहचान और लोकप्रियता बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया सहित विभिन्न प्रचार माध्यमों से व्यापक ब्रांडिंग करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरायकेला-खरसावां जिले में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। बेहतर सुविधाओं और प्रभावी प्रचार-प्रसार से अधिक से अधिक पर्यटकों को आकर्षित किया जा सकता है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। बैठक में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी शंकराचार्य सामद, जिला खेल पदाधिकारी-सह-जिला पर्यटन पदाधिकारी अमित कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), जिला स्तरीय पर्यटन संवर्धन कार्यकारिणी समिति के सदस्य तथा विभिन्न संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।