रांची जिले की 3,94,007 महिलाओं के खातों में पहुंचे 2,500-2,500 रुपये
आधार आधारित डीबीटी के माध्यम से अक्टूबर माह की सम्मान राशि का भुगतान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
रांची : धनतेरस एवं दीपावली के पावन अवसर पर झारखंड सरकार ने राज्य की महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करते हुए मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत अक्टूबर 2026 की सम्मान राशि का भुगतान किया है। इसके तहत रांची जिले की कुल 3 लाख 94 हजार 7 लाभुक महिलाओं के बैंक खातों में 2,500 रुपये प्रति लाभुक की दर से कुल 98 करोड़ 50 लाख 17 हजार 500 रुपये हस्तांतरित किए गए हैं। राशि का भुगतान आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सीधे लाभुकों के बैंक खातों में किया गया है। दीपावली और धनतेरस से पहले सम्मान राशि मिलने से हजारों परिवारों में त्योहार की खुशियां बढ़ेंगी। इस राशि से महिलाएं घरेलू जरूरतों, बच्चों की आवश्यकताओं और त्योहार की खरीदारी में आर्थिक सहयोग प्राप्त कर सकेंगी। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : 20 साल से जर्जर सड़क पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, कीचड़ में धान रोपकर किया प्रदर्शन
प्रत्येक महिला के खाते में पहुंचे 2,500 रुपये, डीबीटी से हुआ भुगतान
जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। धनतेरस एवं दीपावली जैसे पावन त्योहारों से पहले लाभुक महिलाओं के खातों में सम्मान राशि का हस्तांतरण सरकार की महिला हितैषी सोच और उनके प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस राशि से महिलाओं को अपने परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति करने और त्योहार की खुशियों में सहभागी बनने में मदद मिलेगी। जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि योजना का लाभ सभी पात्र महिलाओं तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे। योजना के माध्यम से महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उनकी सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : सरायकेला के तीन डैम बनेंगे पर्यटन हब, सीतारामपुर, पालना और सतनाला में शुरू होगी बोटिंग
कांके में सबसे अधिक 31,502 लाभुक, टाउन अर्बन क्षेत्र की 25,891 महिलाओं को मिला लाभ
रांची जिले में प्रखंड एवं शहरी क्षेत्रवार लाभुकों की संख्या के अनुसार कांके में सबसे अधिक 31,502 महिलाओं को योजना का लाभ मिला है। टाउन अर्बन क्षेत्र में 25,891, मांडर में 22,933, सिल्ली में 21,282, बेड़ो में 20,562 और रातू में 20,290 महिलाओं के खातों में राशि भेजी गई है। इसके अलावा चान्हो की 19,332, तमाड़ की 18,751, नगड़ी की 18,250, ओरमांझी की 17,840, बुढ़मू की 17,765, नामकुम की 17,958 और अनगड़ा की 16,705 महिलाओं को सम्मान राशि मिली है। वहीं हेहल शहरी क्षेत्र की 16,308, सोनाहातू की 13,088, अरगोड़ा शहरी क्षेत्र की 13,347, लापुंग की 11,784 और इटकी की 10,135 लाभुक महिलाओं को भी योजना का लाभ मिला है।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : उड़ती धूल से परेशान शासन गांव के ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, तीन घंटे तक सड़क जाम
ग्रामीण से शहरी क्षेत्रों तक पहुंचा योजना का लाभ, महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण पर जोर
अन्य क्षेत्रों में बड़गाईं शहरी क्षेत्र की 10,042, नामकुम शहरी क्षेत्र की 9,504, राहे की 9,531, खलारी की 9,597, बुंडू की 8,556, नगड़ी शहरी क्षेत्र की 8,216, बुंडू नगर पंचायत की 3,558 और कांके शहरी क्षेत्र की 1,280 महिलाओं को सम्मान राशि हस्तांतरित की गई है। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के माध्यम से राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने, जीवन स्तर में सुधार लाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। धनतेरस के अवसर पर किया गया यह भुगतान महिलाओं के लिए दीपावली से पहले विशेष सौगात साबित हुआ है। सरकार की इस पहल से महिलाओं की घरेलू आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में सहायता मिलने के साथ स्थानीय बाजार में भी त्योहार के दौरान खरीदारी को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।























