डिम्बुली पंचायत के कुमारबेड़ा एवं डुकूडी नदी घाट पर बनेगा पुल
बरसात में आवागमन की समस्या से ग्रामीणों को मिलेगी मुक्ति
कोयना नदी पर पुल निर्माण से क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई रफ्तार
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मनोहरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड अंतर्गत डिम्बुली पंचायत में कोयना नदी के कुमारबेड़ा एवं डुकूडी नदी घाट पर पुल निर्माण कार्य का शिलान्यास गुरुवार को सिंहभूम की सांसद जोबा मांझी ने विधिवत रूप से किया। सांसद ने नारियल फोड़कर तथा शिलापट्ट का अनावरण कर निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। शिलान्यास कार्यक्रम के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। इस अवसर पर सांसद जोबा मांझी ने कहा कि इन नदी घाटों पर पुल निर्माण क्षेत्र के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग थी। बरसात के मौसम में कोयना नदी का जलस्तर बढ़ जाने के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता था। इससे डिम्बुली पंचायत सहित आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। पुल निर्माण पूरा होने के बाद ग्रामीणों को सालोंभर आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुजरात में भटककर पहुंची नोवामुंडी की 60 वर्षीय महिला, परिजनों की तलाश में जुटा जनरल जस्टिस सेंटर
वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की उम्मीद, पुल बनने से ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी राहत
सांसद ने कहा कि पुल का निर्माण होने से ग्रामीणों की दैनिक जिंदगी में सकारात्मक बदलाव आएगा। किसानों को अपनी कृषि उपज बाजार और मंडियों तक पहुंचाने में सहूलियत होगी। वहीं, स्कूली बच्चों को पढ़ाई के लिए आवागमन करने तथा गंभीर रूप से बीमार मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में होने वाली परेशानियां भी दूर होंगी। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने और विकास कार्यों को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है। पुल निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित संवेदक एवं अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने की बात कही। साथ ही स्थानीय ग्रामीणों से निर्माण कार्य में सहयोग करने की अपील की, ताकि परियोजना समय पर पूरी हो सके।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, गम्हरिया की दुकानों से लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने
किसानों, विद्यार्थियों और मरीजों को होगा फायदा, सांसद ने गुणवत्ता के साथ निर्माण पूरा करने का दिया निर्देश
पुल निर्माण की आधारशिला रखे जाने पर ग्रामीणों ने सांसद जोबा मांझी के प्रति आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से नदी घाट पर पुल नहीं होने के कारण उन्हें आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही थी। खासकर बरसात के दिनों में गांवों का संपर्क अन्य क्षेत्रों से कट जाता था। पुल बनने से न केवल आवागमन की समस्या दूर होगी, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी। कार्यक्रम में संवेदक बसंत हरलालका, बंधना उरांव, वशिष्ठ यादव, मुकेश रजक, अजहर अली, विट्टू महतो, ग्राम मुंडा अशोक महतो, अखिलेन्द्र नायक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं अन्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का आयोजन संवेदक सह कार्यपालक अभियंता, राष्ट्रीय ग्रामीण नियोजन कार्यक्रम, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा की ओर से किया गया।
























