- बाराद्वारी स्थित अस्पताल में ऑपरेशन के बाद 50 वर्षीय मरीज की मृत्यु, परिजन भड़क गए
- मरीज की मौत के बाद अस्पताल में तनाव, जांच की मांग तेज
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र के बाराद्वारी स्थित नेफ्रो यूरोलॉजी एंड स्टोन सेंटर में पथरी का ऑपरेशन कराने आए 50 वर्षीय पोरेस भगत की मृत्यु हो गई। पोरेस भगत पोटका के आसनबनी निवासी थे और उन्हें किडनी में स्टोन की शिकायत थी। उन्होंने गुरुवार को अस्पताल में भर्ती होकर शुक्रवार को डॉ. डीके मिश्रा के नेतृत्व में ऑपरेशन कराया। शनिवार को उनकी हालत अचानक बिगड़ने लगी, सांस लेने में कठिनाई और पेट में सूजन जैसी समस्याएं सामने आईं। परिजन उन्हें दूसरे अस्पताल ले जाने की जिद करने लगे, लेकिन चिकित्सकों ने आश्वासन दिया कि मरीज ठीक हो जाएगा। देर रात मरीज की मौत हो गई, जिससे परिजन और लोग भड़क गए और हंगामा शुरू कर दिया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर में प्रेम विवाह के बाद लड़की पक्ष ने लड़के के घर पर किया हमला
चिकित्सीय लापरवाही के आरोप में अस्पताल में तनाव और पुलिस की दखल
हंगामे के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। चिकित्सकों की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में परिजनों और ग्रामीणों से वार्ता की। काफी समझाने के बाद मामला शांत हुआ। घटना ने अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था और मरीज सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा आगे की जांच की संभावना जताई गई है।























