- कार की चपेट में आकर चार वर्षीय आरुष की मौत, शव रखकर सड़क पर धरने पर बैठे परिजन
- परिजनों ने पुलिस और स्कूल प्रबंधन से वार्ता की मांग की, सख्त कार्रवाई पर अड़े
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के खालसा स्कूल के समीप शनिवार को कार की चपेट में आने से चार वर्षीय मासूम आरुष की मौत के बाद रविवार को परिजनों ने न्याय की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित परिजनों ने आरुष के शव को खालसा स्कूल के ठीक बाहर सड़क पर रखकर धरना शुरू कर दिया। परिजनों का कहना है कि जब तक आरोपी कार चालक की गिरफ्तारी नहीं होगी, वे वहां से नहीं हटेंगे। जानकारी के अनुसार, शनिवार को आरुष अपनी दादी के साथ अपने भाइयों को स्कूल से छुट्टी के बाद लेने के लिए खालसा स्कूल पहुंचा था। इसी दौरान स्कूल के पास सड़क किनारे खेलते समय एक अनियंत्रित कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल आरुष को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedupr : जमशेदपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 26 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
मासूम की मौत से गुस्साए परिजन सड़क पर उतरे, पुलिस पर लापरवाही का आरोप
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव परिजनों को सौंपा गया तो वे सीधे खालसा स्कूल के बाहर पहुंचे और बच्चे के शव को गोद में लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। गम और गुस्से से भरे परिजनों ने पुलिस प्रशासन पर ढिलाई बरतने का आरोप लगाया और कहा कि आरोपी चालक अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। परिजनों की मांग है कि पुलिस और स्कूल कमेटी उनसे बातचीत करे और यह सुनिश्चित करे कि भविष्य में किसी अन्य बच्चे के साथ ऐसी घटना न हो। साथ ही उन्होंने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई और कड़ी सजा की मांग की है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और स्थानीय लोग भी पीड़ित परिवार के समर्थन में खड़े दिखाई दे रहे हैं।






















