- जगन्नाथ पुरी दर्शन के बाद दोस्तों संग समुद्र में नहाने गया था बीटेक छात्र, लहरों में बहकर हुआ लापता
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा के रहने वाले 21 वर्षीय छात्र अनिमेष साव के लापता होने से इलाके में शोक की लहर है। बताया जा रहा है कि अनिमेष भुवनेश्वर में बीटेक की पढ़ाई कर रहा था और उज्ज्वल भविष्य के सपने देख रहा था। रविवार को वह अपने दो दोस्तों के साथ जगन्नाथ मंदिर पुरी में भगवान के दर्शन करने पहुंचा था। पूजा-अर्चना के बाद तीनों दोस्त पास स्थित पुरी समुद्र तट पर घूमने और नहाने चले गए। इसी दौरान समुद्र में नहाते समय अचानक एक तेज लहर आई और अनिमेष को अपने साथ गहरे पानी में खींच ले गई। उसके दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही पलों में वह लहरों के बीच गायब हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : NH-49 पर तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, दूध देने जाते समय हुआ हादसा
10 किलोमीटर तक चल रहा सर्च ऑपरेशन
घटना की जानकारी मिलते ही तट पर तैनात लाइफगार्ड और स्थानीय पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई। फिलहाल भारतीय तटरक्षक बल और पेशेवर गोताखोरों की टीम समुद्र में अनिमेष की तलाश में जुटी हुई है। प्रशासन की ओर से करीब 10 किलोमीटर के दायरे में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। समुद्र की तेज लहरों और गहराई के कारण तलाश अभियान काफी चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। इसके बावजूद बचाव दल लगातार प्रयास कर रहा है। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि जब तक छात्र का कोई सुराग नहीं मिल जाता, तब तक खोज अभियान जारी रखा जाएगा।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बिष्टुपुर बाजार में साइकिल दुकान में लगी आग, समय रहते बड़ा हादसा टला
परिवार का इकलौता बेटा था अनिमेष
अनिमेष साव अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और परिवार की सारी उम्मीदें उसी पर टिकी थीं। वह सिक्शा ‘ओ’ अनुसंधान (SOA) विश्वविद्यालय में बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। घटना की खबर मिलते ही बहरागोड़ा स्थित उसके घर में मातम छा गया। परिजन सदमे में हैं और रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग तुरंत पुरी के लिए रवाना हो गए, जहां वे समुद्र किनारे अपने बेटे के मिलने की आस में टकटकी लगाए बैठे हैं। पूरे इलाके में इस दर्दनाक घटना को लेकर शोक का माहौल है और लोग ईश्वर से अनिमेष के सकुशल मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं।























