- त्योहारों के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने पर जोर, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : आगामी ईद, रामनवमी और सरहुल पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट हो गया है। इसी को देखते हुए सोमवार को मानगो थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीओ, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी, मानगो नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त समेत विभिन्न समाजों के गणमान्य लोग मौजूद रहे। बैठक के दौरान त्योहारों के समय साफ-सफाई, बिजली और पानी की व्यवस्था, पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा नशाखोरी पर रोक लगाने जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने प्रशासन से इन व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की मांग की ताकि त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सकें।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : खुकड़ाडीह में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया सरहुल पर्व, प्रकृति संरक्षण का लिया संकल्प
प्रशासन ने सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील की
बैठक के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि त्योहारों के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। अधिकारियों ने कहा कि जमशेदपुर हमेशा से शांति, सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक रहा है, इसलिए इसे बनाए रखना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है। प्रशासन की ओर से स्पष्ट चेतावनी दी गई कि पर्व के माहौल को खराब करने या अफवाह फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही शहरवासियों से अपील की गई कि वे सभी त्योहारों को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी तरह की समस्या होने पर पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें।






















