- हल्की बारिश में सड़क बन जाती है तालाब, आवागमन में बढ़ी मुश्किलें
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड की गुहियापाल पंचायत अंतर्गत झरिया गांव से बांकदह तक जाने वाली सड़क इन दिनों अपनी बदहाली की कहानी बयां कर रही है। यह महत्वपूर्ण ग्रामीण मार्ग अब पूरी तरह बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुका है, जिससे राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हल्की बारिश होते ही इन गड्ढों में पानी भर जाता है और सड़क किसी तालाब जैसी दिखाई देने लगती है। ऐसे में लोगों को कीचड़ और जलजमाव के बीच जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा में लोको पायलटों को आपदा प्रबंधन और प्राथमिक चिकित्सा का विशेष प्रशिक्षण
ग्रामीणों में आक्रोश, जल्द मरम्मत की उठी मांग
सड़क की जर्जर स्थिति का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों, मरीजों और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले लोगों पर पड़ रहा है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से इस सड़क की अनदेखी की जा रही है, जिससे उनकी परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत और पुनर्निर्माण की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र ध्यान नहीं दिया गया, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।























