- ओडिशा से बिहार ले जाई जा रही नशीले पदार्थों की खेप बरामद, अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा
- पुलिस की सख्ती से नशा तस्करों में मचा हड़कंप
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा थाना पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर कालियाडिंगा चौक के पास विशेष चेकपोस्ट लगाकर की गई। जांच के दौरान एक सफेद टाटा पंच (JH05 DS 6333) को संदिग्ध अवस्था में रोका गया। जब पुलिस ने वाहन की सघन तलाशी ली, तो उसके गुप्त हिस्सों में छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। मौके से दो आरोपियों—जमशेदपुर के सोनारी निवासी भीम यादव और बिहार के भोजपुर निवासी राजकुमार पाल—को गिरफ्तार किया गया, जो पुलिस से बचने की कोशिश कर रहे थे।
इसे भी पढ़ें : Muri : उत्पाद सिपाही भर्ती पेपर लीक पर बढ़ा विवाद, सीबीआई जांच की मांग
चेकपोस्ट पर सघन जांच में खुला तस्करी का राज
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि यह गांजा ओडिशा के चिल्का क्षेत्र स्थित बाराकुल से ‘दादा’ नामक सप्लायर से लाया गया था और इसे बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी। इस मामले में बहरागोड़ा थाना कांड संख्या 19/2026 दर्ज कर NDPS एक्ट की धाराओं के तहत दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है, वहीं स्थानीय लोगों ने इसे नशा मुक्त समाज की दिशा में एक अहम कदम बताया है।























