बिजली गुल होने के कारण परिवार छत पर सो रहा था, आधी रात को हुआ हादसा
मासूम की मौत से निरंजनपुर गांव में पसरा मातम
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड की कुमारडूबी पंचायत अंतर्गत निरंजनपुर गांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। रविवार की आधी रात छत से गिरकर पांच वर्षीय मासूम विद्युत मुंडा की मौत हो गई। बताया जाता है कि गांव में बिजली नहीं रहने के कारण उमस से परेशान उपेन मुंडा का परिवार घर की छत पर सोया हुआ था। इसी दौरान आधी रात को मासूम विद्युत अचानक नींद से जाग गया और नीचे उतरने के प्रयास में अनियंत्रित होकर छत से नीचे गिर पड़ा। गिरने की आवाज सुनते ही परिजन दौड़कर पहुंचे और बच्चे को गंभीर हालत में तुरंत बहरागोड़ा अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : मेचुआ गांव में गूंजा “सरना कोड नहीं तो जनगणना नहीं” का नारा, आदिवासियों में उबाल
बिजली संकट और लापरवाही से बढ़ रहे हादसों पर उठे सवाल
सोमवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक विद्युत मुंडा अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र बताया जा रहा है। इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव के लोग बड़ी संख्या में पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। सरस्वती शिशु मंदिर पाठपुर दरखुली के शिक्षक रोहित कुईला, शक्ति कुमार साहू, गौरी शंकर गंड, राजेश कुईला एवं सुकुमार साहू सहित कई ग्रामीणों ने मृतक के घर पहुंचकर शोक व्यक्त किया और परिजनों को ढांढस बंधाया। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।


























