पोटका के हल्दीपोखर विद्या निकेतन स्कूल में होगा नामांकन
आर्थिक सहयोग मिलने पर आगे बढ़ने की जताई उम्मीद
समाजसेवी की पहल से सबर बच्चों के सपनों को मिला सहारा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : पोटका प्रखंड के राजकीयकृत अनुसूचित जनजाति आवासीय उच्च विद्यालय सबर नगर (ग्वालकाटा) के दो प्रतिभाशाली सबर विद्यार्थियों को अब आर्थिक तंगी के कारण अपनी पढ़ाई नहीं छोड़नी पड़ेगी। जैक बोर्ड की मैट्रिक परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले सोनिया सबर और मंगला सबर की शिक्षा का जिम्मा समाजसेवी सोमाय टुडू ने उठाया है। दोनों विद्यार्थियों ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सोनिया सबर ने 82 प्रतिशत तथा मंगला सबर ने 72 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। दोनों की उपलब्धि से प्रभावित होकर समाजसेवी सोमाय टुडू ने उन्हें उच्च शिक्षा दिलाने का निर्णय लिया। उन्होंने घोषणा की कि आगामी 11 जून को दोनों बच्चों का नामांकन पोटका स्थित हल्दीपोखर विद्या निकेतन स्कूल में इंटरमीडिएट (+2) में कराया जाएगा और उनकी पढ़ाई का पूरा खर्च वे स्वयं वहन करेंगे।
इसे भी पढ़ें : Dhalbhumgarh : तेज आंधी-तूफान से कोकपाड़ा टोल प्लाजा के पास दुकान ध्वस्त, लाखों का नुकसान
सबर विद्यार्थियों की सफलता से क्षेत्र में खुशी की लहर
इससे पूर्व समाजसेवी सोमाय टुडू और सामाजिक कार्यकर्ता वीर सिंह देवगम डुमरिया प्रखंड के लागों गांव स्थित पाडसी गाजाड़ पहुंचे, जहां उन्होंने दोनों विद्यार्थियों को कॉपी, बक्शा और अन्य शैक्षणिक सामग्री भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान सोमाय टुडू ने कहा कि घाटशिला अनुमंडल में पहली बार किसी सबर छात्रा ने इतने उत्कृष्ट अंक हासिल किए हैं, जो पूरे समाज के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी प्रतिभा की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए। वहीं, जदयू के ग्रामीण महासचिव वीर सिंह देवगम ने बताया कि मैट्रिक परीक्षा में सफलता के बाद दोनों बच्चे आगे की पढ़ाई को लेकर चिंतित थे और आर्थिक मदद की गुहार लगा रहे थे। इसकी जानकारी मिलने पर उन्होंने समाजसेवी सोमाय टुडू से संपर्क किया, जिसके बाद दोनों विद्यार्थियों को सहयोग देने का निर्णय लिया गया।
इसे भी पढ़ें : Raj Nagar : पत्रकार एकता मंच ने पेश की मानवता की मिसाल, पाण्डुगीति के पीड़ित परिवार को पहुंचाई राहत सामग्री
आर्थिक सहयोग से पूरी होगी उच्च शिक्षा की राह
मैट्रिक परीक्षा में 82 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली सोनिया सबर ने समाजसेवी सोमाय टुडू के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे उनके लिए मसीहा बनकर सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें इसी तरह आर्थिक सहायता मिलती रही तो वे जीवन में और आगे बढ़ सकती हैं, क्योंकि क्षमता ईश्वर सभी को देता है। सोनिया ने कहा कि गरीबी के कारण कई प्रतिभाशाली बच्चे शिक्षा से वंचित रह जाते हैं, लेकिन अब उन्हें विश्वास है कि मेहनत और सहयोग के दम पर वे अपने सपनों को पूरा कर पाएंगी। वहीं मंगला सबर ने भी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब उन्हें पढ़ाई बीच में छोड़ने की चिंता नहीं है। समाजसेवी सोमाय टुडू की इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है और लोग इसे शिक्षा व सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम बता रहे हैं।
























