आंधी से उजड़े परिवार के बीच पहुंचे पत्रकार, राशन सामग्री देकर बढ़ाया हौसला
“मानव सेवा सबसे बड़ा धर्म”, मंच ने हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा
सामाजिक जिम्मेदारी निभाने में पत्रकारों की पहल बनी मिसाल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
राजनगर : पाण्डुगीति गांव में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित सुराय हांसदा के परिवार की मदद के लिए कोल्हान पत्रकार एकता मंच आगे आया है। राजनगर थाना क्षेत्र के इस गांव में पिछले सप्ताह आई तेज आंधी और तूफान में सुराय हांसदा का आशियाना पूरी तरह तबाह हो गया था, जिससे परिवार बेघर हो गया। घटना को मीडिया द्वारा प्रमुखता से उठाए जाने के बाद प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने राहत कार्य शुरू किया। इसी क्रम में मंगलवार को जमशेदपुर से कोल्हान पत्रकार एकता मंच के सदस्य गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। मंच के सदस्यों ने मानवता का परिचय देते हुए परिवार को 50 किलो चावल, दाल, सरसों तेल, साबुन, आलू, प्याज समेत अन्य आवश्यक सूखा राशन सामग्री उपलब्ध कराई।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में अवैध बालू कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, तीन हाइवा और एक ट्रैक्टर जब्त
प्राकृतिक आपदा के बाद राहत कार्य में जुटे सामाजिक संगठन
मौके पर मंच के प्रतिनिधि सुनील पांडे ने कहा कि पत्रकार समाज केवल खबर दिखाने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों के साथ खड़ा रहना भी अपनी सामाजिक जिम्मेदारी मानता है। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग देने का प्रयास आगे भी जारी रहेगा। ग्रामीणों ने पत्रकार एकता मंच की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में ऐसे मानवीय कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। पीड़ित परिवार ने भी सहायता के लिए मंच के सदस्यों और मीडिया का आभार व्यक्त किया। इस दौरान पत्रकार एकता मंच के कई सदस्य मौजूद रहे और परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।






















