गोविंदपुर में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को कानून और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
ग्रामीणों को कानून और अधिकारों के प्रति किया गया जागरूक
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : नालसा एवं झालसा के निर्देश पर चलाए जा रहे 90 दिवसीय जागरूकता अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) के अधिकार मित्र (पीएलवी) द्वारा मानवता और सेवा का सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया गया। डालसा का न्याय रथ सिदगोड़ा, गोलमुरी, तार कंपनी, अन्ना चौक सहित विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचा, जहां भीषण गर्मी और कड़ाके की धूप में ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिस कर्मियों तथा ट्रांसजेंडरों के बीच ओआरएस पैकेट और ठंडा जल वितरित किया गया। इस पहल से गर्मी में ड्यूटी कर रहे लोगों को काफी राहत मिली और उन्होंने डालसा के प्रति आभार व्यक्त किया। अभियान के दौरान पीएलवी सदस्यों ने लोगों को गर्मी से बचाव और स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की सलाह भी दी।
इसे भी पढ़ें : Ranchi/Jamshedpur : मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से मिले विधायक संजीव सरदार, हरिणा मेला को राजकीय मेला घोषित करने की उठाई मांग
भीषण गर्मी में मानवता की मिसाल बना डालसा अभियान

इसके बाद डालसा का न्याय रथ गोविंदपुर पहुंचा, जहां गोविंदपुर उत्तरी पंचायत भवन और गोविंदपुर दक्षिणी पंचायत भवन में ग्रामीणों के बीच विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान डालसा के पीएलवी नागेंद्र कुमार, दिलीप जायसवाल, आशीष प्रजापति, प्रकाश शांडिल, सुनीता कुमारी एवं रीना तिवारी ने ग्रामीणों को विभिन्न कानूनों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में बाल विवाह, बाल श्रम, घरेलू हिंसा, पोक्सो एक्ट, डायन प्रथा, दुर्घटना क्लेम, आपदा राहत और मानव तस्करी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही ग्रामीणों को उनके मौलिक अधिकार और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी कानूनी समस्या के समाधान के लिए डालसा कार्यालय से संपर्क करने की अपील की गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में मुखिया आलोक शांडिल और पंचायत समिति सदस्य अंजय कुमार सिंह उर्फ भोला सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






















