Share

Jamshedpur : मणिपाल हॉस्पिटल्स ने सीपीआर प्रशिक्षण के जरिए बचाई जा सकने वाली जिंदगियों का दिया संदेश

  • जमशेदपुर में आयोजित जागरूकता सत्र में विशेषज्ञों ने हृदय रोगों की रोकथाम
  • समय पर उपचार और जीवनरक्षक कौशलों पर डाला प्रकाश
  • जागरूकता और प्रशिक्षण के जरिए स्वस्थ समाज निर्माण की पहल

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जमशेदपुर : भारत के अग्रणी स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं में से एक मणिपाल हॉस्पिटल्स समूह की इकाई मणिपाल हॉस्पिटल्स ढाकुरिया ने बुधवार को गोलमुरी स्थित एक होटल में सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) प्रशिक्षण एवं जागरूकता सत्र का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को हृदय संबंधी आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, समय पर चिकित्सा हस्तक्षेप और जीवनरक्षक कौशलों के महत्व के प्रति जागरूक बनाना था। कार्यक्रम में मणिपाल हॉस्पिटल्स ढाकुरिया के वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. कौशिक मुखर्जी (सीनियर कंसल्टेंट, कार्डियोथोरेसिक सर्जरी) तथा डॉ. सुमंत चटर्जी (सीनियर कंसल्टेंट, कार्डियोलॉजी) ने भाग लिया। उन्होंने हृदय एवं रक्तवाहिका संबंधी रोगों के बढ़ते मामलों और समय पर उपचार की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की। विशेषज्ञों ने कहा कि हृदय संबंधी आपात स्थितियों में शुरुआती कुछ मिनट अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं और सही समय पर की गई सहायता किसी व्यक्ति की जान बचा सकती है।

इसे भी पढ़ें : Jadugoda : सुरदा माइंस के ठेका कर्मियों का प्रदर्शन, मांगों को लेकर प्रबंधन के खिलाफ खोला मोर्चा

सीपीआर प्रशिक्षण से बढ़ेगी आपातकालीन स्थितियों में लोगों की तैयारी

सत्र के दौरान हृदय रोगों के बढ़ते खतरे और उनके प्रमुख कारणों पर भी चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने बताया कि भारत में हृदय एवं रक्तवाहिका संबंधी रोग (सीवीडी) आज सबसे बड़ी स्वास्थ्य चुनौतियों में शामिल हैं और देश में होने वाली कुल मौतों का लगभग एक-तिहाई हिस्सा इन बीमारियों से जुड़ा है। वर्ष 2021 में अनुमानित 28.7 लाख लोगों की मृत्यु हृदय संबंधी कारणों से हुई थी। उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मोटापा, तंबाकू सेवन, शारीरिक निष्क्रियता और मानसिक तनाव जैसे जोखिम कारक लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे युवा आबादी भी तेजी से प्रभावित हो रही है। विशेषज्ञों ने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच, शुरुआती लक्षणों की पहचान और समय पर उपचार से हृदय रोगों की गंभीरता को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित चिकित्सा परामर्श लेने की अपील की।

इसे भी पढ़ें : Baharagoda : सादगी की मिसाल बने राज्यपाल, मेधावियों को सम्मानित कर बच्चों संग जमीन पर बैठकर किया मध्याह्न भोजन

हृदय रोगों की रोकथाम के लिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर

कार्यक्रम में उन मरीजों के अनुभव भी साझा किए गए, जिन्होंने मणिपाल हॉस्पिटल्स ढाकुरिया में सफल हृदय उपचार प्राप्त किया है। इनमें जमशेदपुर के मरीज काशी नाथ सिंह ने अपनी स्वास्थ्य यात्रा का अनुभव साझा करते हुए बताया कि हाल ही में उनकी सफल कोरोनरी आर्टरी बायपास ग्राफ्टिंग (सीएबीजी) सर्जरी की गई थी। उन्होंने कहा कि डॉ. कौशिक मुखर्जी और अस्पताल की पूरी टीम ने उपचार के दौरान न केवल उत्कृष्ट चिकित्सा सेवा प्रदान की, बल्कि मानसिक रूप से भी उन्हें और उनके परिवार को संबल दिया। उन्होंने अस्पताल की विशेषज्ञता, समर्पण और मरीजों के प्रति संवेदनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि समय पर मिले उपचार ने उन्हें जीवन का नया अवसर प्रदान किया है। उनके अनुभव ने उपस्थित लोगों को समय रहते चिकित्सा सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।

इसे भी पढ़ें : Muri : लोदमु में पांच दिवसीय हरिनाम संकीर्तन का पूर्णाहुति के साथ समापन

मरीजों ने साझा किए सफल उपचार और नई जिंदगी के अनुभव

निवारक हृदय देखभाल के महत्व पर बोलते हुए डॉ. सुमंत चटर्जी ने कहा कि हृदय रोगों की रोकथाम उपचार से कहीं अधिक प्रभावी और लाभकारी है। उन्होंने बताया कि संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, तनाव प्रबंधन और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण जैसी आदतें हृदय संबंधी गंभीर समस्याओं के जोखिम को काफी हद तक कम कर सकती हैं। उन्होंने लोगों से अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने और किसी भी असामान्य लक्षण को नजरअंदाज न करने की सलाह दी। वहीं डॉ. कौशिक मुखर्जी ने कहा कि अचानक हृदयाघात जैसी स्थितियों में सीपीआर और बेसिक लाइफ सपोर्ट की जानकारी किसी भी व्यक्ति को संभावित जीवनरक्षक बना सकती है। उन्होंने बताया कि आम लोगों के बीच इन तकनीकों की जानकारी और आत्मविश्वास अभी भी सीमित है, जिसे ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से बढ़ाया जा सकता है।

इसे भी पढ़ें : Muri : मुआवजा नोटिस को लेकर रैयतों में असंतोष, बांसारूली पंचायत भवन में हुई बैठक

विशेषज्ञों ने बताया कैसे बचाई जा सकती है हृदय रोगियों की जान

कार्यक्रम का समापन व्यावहारिक सीपीआर प्रशिक्षण सत्र के साथ हुआ, जिसमें प्रतिभागियों को आपातकालीन परिस्थितियों में उपयोग की जाने वाली महत्वपूर्ण तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को हृदयाघात की स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया देने, सीपीआर की सही प्रक्रिया अपनाने और मरीज को चिकित्सा सहायता मिलने तक जीवनरक्षक सहायता प्रदान करने की जानकारी दी। उपस्थित लोगों ने प्रशिक्षण में उत्साहपूर्वक भाग लिया और इसे बेहद उपयोगी बताया। मणिपाल हॉस्पिटल्स ने कहा कि वह भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में स्वास्थ्य शिक्षा, आपातकालीन तैयारी और निवारक चिकित्सा को बढ़ावा देने का कार्य जारी रखेगा। संस्था का लक्ष्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाकर एक अधिक सुरक्षित, सक्षम और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देना है।

Leave a Comment

Jadugoda : सुरदा माइंस के ठेका कर्मियों का प्रदर्शन, मांगों को लेकर प्रबंधन के खिलाफ खोला मोर्चा

18 सूत्री मांग पत्र सौंपेगी झामुमो, समाधान नहीं होने पर हुडका जाम आंदोलन की चेतावनी मांगें पूरी नहीं हुईं तो

  • 18 सूत्री मांग पत्र सौंपेगी झामुमो, समाधान नहीं होने पर हुडका जाम आंदोलन की चेतावनी
  • मांगें पूरी नहीं हुईं तो सुरदा माइंस में होगा बड़ा आंदोलन

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जादूगोड़ा : हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड की सुरदा खदान में कार्यरत ठेका कर्मियों ने कथित शोषण और विभिन्न समस्याओं को लेकर ठेका कंपनी आर.के. अर्थ रिसोर्सेस प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। मजदूरों ने अपनी नाराजगी जताते हुए कहा कि लंबे समय से उनकी मांगों की अनदेखी की जा रही है। प्रदर्शन का नेतृत्व झामुमो नेता बाघराय मार्डी ने किया। इस दौरान सुरदा बाजार हाट में बाघराय मार्डी की अध्यक्षता में ठेका कर्मियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में मजदूर शामिल हुए। बैठक में मजदूरों की समस्याओं और उनके समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा आगे की रणनीति तैयार की गई।

इसे भी पढ़ें : Baharagoda : सादगी की मिसाल बने राज्यपाल, मेधावियों को सम्मानित कर बच्चों संग जमीन पर बैठकर किया मध्याह्न भोजन

ठेका कर्मियों ने शोषण के खिलाफ बुलंद की आवाज

बैठक में निर्णय लिया गया कि गुरुवार को ठेका कंपनी प्रबंधन और हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के अधिकारियों को 18 सूत्री मांग पत्र सौंपा जाएगा। झामुमो नेता बाघराय मार्डी ने कहा कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर यदि मजदूरों की मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर सुरदा माइंस का हुडका जाम कर उत्पादन और संचालन को प्रभावित करने वाला आंदोलन भी किया जाएगा। मजदूरों ने एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया और प्रबंधन से जल्द समस्याओं के समाधान की मांग की। बैठक के बाद आंदोलन को लेकर मजदूरों में व्यापक समर्थन और उत्साह देखा गया।

Baharagoda : सादगी की मिसाल बने राज्यपाल, मेधावियों को सम्मानित कर बच्चों संग जमीन पर बैठकर किया मध्याह्न भोजन

बहरागोड़ा के प्रतिभा सम्मान समारोह में राज्यपाल संतोष गंगवार ने युवाओं को दिया आत्मविश्वास और परिश्रम का संदेश बच्चों संग

  • बहरागोड़ा के प्रतिभा सम्मान समारोह में राज्यपाल संतोष गंगवार ने युवाओं को दिया आत्मविश्वास और परिश्रम का संदेश
  • बच्चों संग भोजन कर राज्यपाल ने जीता सबका दिल

जेबी लाइव, रिपोर्टर

बहरागोड़ा : बहरागोड़ा बाजार स्थित देव वाटिका परिसर बुधवार को प्रतिभा, प्रेरणा और सम्मान का केंद्र बना रहा, जहां मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य ‘प्रतिभा सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड के महामहिम राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार तथा विशिष्ट अतिथि झारग्राम के विधायक लक्ष्मीकांत साहू थे। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि किसी भी समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी उसकी प्रतिभाएं होती हैं। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता के लिए संसाधनों से अधिक आत्मविश्वास, मेहनत और दृढ़ संकल्प की आवश्यकता होती है। उन्होंने शिक्षकों की भूमिका को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए युवाओं को देश का वर्तमान और भविष्य दोनों बताया।

इसे भी पढ़ें : Muri : लोदमु में पांच दिवसीय हरिनाम संकीर्तन का पूर्णाहुति के साथ समापन

मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर बढ़ाया उत्साह

समारोह को संबोधित करते हुए झारग्राम के विधायक लक्ष्मीकांत साहू ने बहरागोड़ा को झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के त्रिकोणीय क्षेत्र का प्रमुख शैक्षणिक केंद्र बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में एक विश्वविद्यालय की स्थापना समय की मांग है, जिससे ग्रामीण और सीमावर्ती इलाकों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और क्षेत्र के समग्र विकास पर भी जोर दिया। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि राज्यपाल का यह दौरा विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा और उन्हें अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का उत्साह देगा।

इसे भी पढ़ें : Muri : मुआवजा नोटिस को लेकर रैयतों में असंतोष, बांसारूली पंचायत भवन में हुई बैठक

बहरागोड़ा को एजुकेशनल हब बनाने की उठी मांग

कार्यक्रम का सबसे भावुक और यादगार क्षण तब आया जब राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने औपचारिकताओं और प्रोटोकॉल को पीछे छोड़ते हुए बच्चों के बीच जमीन पर बैठकर मध्याह्न भोजन किया। उनकी इस सादगी और आत्मीय व्यवहार ने उपस्थित विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों का दिल जीत लिया। बच्चों के साथ सहजता से भोजन करते राज्यपाल की तस्वीरें पूरे कार्यक्रम का आकर्षण बन गईं। उपस्थित लोगों ने कहा कि इतने उच्च पद पर आसीन व्यक्ति का यह व्यवहार समाज के लिए प्रेरणादायक है। राज्यपाल की इस सरलता ने समारोह को सिर्फ एक सम्मान कार्यक्रम नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं और विनम्रता का संदेश देने वाला आयोजन बना दिया।

Muri : लोदमु में पांच दिवसीय हरिनाम संकीर्तन का पूर्णाहुति के साथ समापन

रात्रि जागरण में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, भजन-कीर्तन और भंडारे से भक्तिमय बना माहौल ग्रामीणों के सहयोग से सफल हुआ

  • रात्रि जागरण में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, भजन-कीर्तन और भंडारे से भक्तिमय बना माहौल
  • ग्रामीणों के सहयोग से सफल हुआ हरिनाम संकीर्तन महोत्सव

जेबी लाइव, रिपोर्टर

मुरी : लोदमु गांव में आयोजित पांच दिवसीय हरिनाम संकीर्तन एवं रात्रि जागरण कार्यक्रम का समापन पूर्णाहुति के साथ संपन्न हो गया। अंतिम संध्या को आयोजित हरिनाम संकीर्तन में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे गांव में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला। भजन-कीर्तन की मधुर धुनों से क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं के लिए सामूहिक खिचड़ी भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में शामिल अधिकांश श्रद्धालु पीले और गेरुआ वस्त्रों में नजर आए, जिससे धार्मिक माहौल और भी आकर्षक बन गया। आयोजन स्थल पर विशेष मंच की व्यवस्था की गई थी, जहां क्षेत्र के सम्मानित लोग भी पहुंचे और भक्ति रस में सराबोर होकर संकीर्तन का आनंद लिया।

इसे भी पढ़ें : Muri : मुआवजा नोटिस को लेकर रैयतों में असंतोष, बांसारूली पंचायत भवन में हुई बैठक

भजन-कीर्तन और भंडारे से भक्तिमय हुआ लोदमु गांव

कार्यक्रम के दौरान राम मंदिर और राधा-कृष्ण मंदिर को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया था। राम मंदिर में श्रद्धालुओं ने आरती एवं परिक्रमा कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। वहीं राधा-कृष्ण मंदिर में भी संध्या आरती के समय श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। हर वर्ष आयोजित होने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यक्ष माथुर महतो, सचिव इन्द्र महतो, कोषाध्यक्ष विक्रम मुंडा, नगेन्द्र बेदिया, प्रफुल्ल प्रजापति, विजय महतो, दामुन, पंचानन मांझी, दुर्गा चरण यादव, मंगल नाथ महतो, महेन्द्र प्रसाद महतो, संतोष महतो, श्रीराम महतो सहित गांव के अनेक लोगों का सक्रिय योगदान रहा। ग्रामीणों ने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अगले वर्ष भी इसी उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।

Muri : मुआवजा नोटिस को लेकर रैयतों में असंतोष, बांसारूली पंचायत भवन में हुई बैठक

मुरी-गोला चार लेन सड़क परियोजना के तहत अलग-अलग मुआवजा निर्धारण पर ग्रामीणों ने जताई नाराजगी ग्रामीणों ने प्रशासन से की

  • मुरी-गोला चार लेन सड़क परियोजना के तहत अलग-अलग मुआवजा निर्धारण पर ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
  • ग्रामीणों ने प्रशासन से की मुआवजा प्रक्रिया की समीक्षा की मांग

जेबी लाइव, रिपोर्टर

मुरी : मुरी-गोला-मुरी चार लेन पथ निर्माण परियोजना के तहत धारा 37/2 के अंतर्गत जारी मुआवजा संबंधी नोटिस को लेकर बांसारूली पंचायत भवन में रैयतों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पंचायत के मुखिया लालू राम उरांव ने की। बैठक में सिंगपुर मौजा, मुरी मौजा, बांसारूली मौजा, पिस्का पंचायत एवं बिसिरिया पंचायत क्षेत्र के सड़क किनारे स्थित भूमि के लिए अलग-अलग मुआवजा निर्धारित किए जाने पर ग्रामीणों ने असंतोष व्यक्त किया। उपस्थित लोगों का कहना था कि समान प्रकृति की जमीन होने के बावजूद मुआवजा राशि में अंतर से रैयतों के बीच असंतोष बढ़ रहा है।

इसे भी पढ़ें : Muri : राहे में किसान सभा और माकपा ने मनाया शहीद बिरसा उलगुलान दिवस

चार लेन परियोजना में मुआवजा निर्धारण पर उठे सवाल

बैठक में वनुवाडीह, रामपुर, लोदमु, लोसेरा, कुसुमटीकरा और जामनीटांड़ सहित विभिन्न गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान सुचांद महतो, कनीलाल साहु, ज्योति प्रसाद साहु, हरेकृष्ण साहु, प्रेम नाथ महतो, मनोज कुमार भोक्ता, हरि किशोर राम बेदिया, अर्जुन बेदिया, प्रहलाद बेदिया, अभिराम महतो, बैजनाथ महतो, सच्चिदानंद मांझी, अम्बिका प्रसाद, संजय मांझी, अभिमन्यु महतो, शंकर महतो, गोवर्धन मांझी, विकास सिंह मुंडा, गुणोधर मांझी, सहदेव लोहरा और गुरूपद मंडल समेत दर्जनों लोग मौजूद थे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजा निर्धारण प्रक्रिया की समीक्षा कर सभी प्रभावित रैयतों के साथ न्यायसंगत व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग की।

Muri : राहे में किसान सभा और माकपा ने मनाया शहीद बिरसा उलगुलान दिवस

जल, जंगल, जमीन और सीएनटी-एसपीटी एक्ट की रक्षा का लिया संकल्प, बिरसा मुंडा के आदर्शों पर चलने का आह्वान किसान

  • जल, जंगल, जमीन और सीएनटी-एसपीटी एक्ट की रक्षा का लिया संकल्प, बिरसा मुंडा के आदर्शों पर चलने का आह्वान
  • किसान सभा ने उठाए महंगाई और निजीकरण के मुद्दे

जेबी लाइव, रिपोर्टर

राहे (नुरू) : झारखंड राज्य किसान सभा एवं माकपा के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को राहे (नुरू), सोनाहातु, बुंडू सहित राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में शहीद बिरसा मुंडा शहादत दिवस को बिरसा उलगुलान दिवस के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान शहीद बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा जल, जंगल, जमीन, खनिज संपदा और सीएनटी-एसपीटी एक्ट की रक्षा का सामूहिक संकल्प लिया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झारखंड राज्य किसान सभा के महासचिव सुफल महतो ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि बिरसा के बताए रास्ते पर चलकर ही लूट, घोटाला और भ्रष्टाचार का अंत किया जा सकता है तथा समाज में समता, भाईचारा और न्याय की स्थापना संभव है। उन्होंने लोगों से बिरसा मुंडा के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर में डबल मर्डर से सनसनी, शक और अविश्वास ने उजाड़ दिए दो परिवार

बिरसा मुंडा के आदर्शों पर चलने का लिया गया संकल्प

अपने संबोधन में सुफल महतो ने केंद्र सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में महंगाई, बेरोजगारी, निजीकरण और किसानों की समस्याओं में लगातार वृद्धि हुई है, जिससे आम जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि सार्वजनिक क्षेत्र के उद्योगों, रेलवे, हवाई अड्डों और अन्य सार्वजनिक संपत्तियों का निजीकरण किया जा रहा है। साथ ही पेट्रोलियम, गैस और उर्वरक की बढ़ती कीमतों का मुद्दा भी उठाया। कार्यक्रम में झारखंड राज्य किसान कौंसिल सदस्य जयपाल सिंह मुंडा, बिसमबर महतो, उमेश महतो, श्रवण मुंडा, शंकर मुंडा, राजू मुंडा, बुद्धदेव मुंडा, संजय मुंडा, मनसा मुंडा, महाबीर मुंडा, महावीर कुम्हार, राशमनी कुमारी, किरण कुमारी, सहचरी कुमारी, करमी देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और किसान उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान श्रवण मुंडा ने की।

Jamshedpur : जमशेदपुर में डबल मर्डर से सनसनी, शक और अविश्वास ने उजाड़ दिए दो परिवार

परसुडीह और एमजीएम थाना क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग हत्याओं से दहला शहर, दोनों आरोपित गिरफ्तार दो हत्याओं ने खड़े

  • परसुडीह और एमजीएम थाना क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग हत्याओं से दहला शहर, दोनों आरोपित गिरफ्तार
  • दो हत्याओं ने खड़े किए रिश्तों में बढ़ते अविश्वास पर सवाल

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जमशेदपुर : जमशेदपुर में बुधवार को हुई दो अलग-अलग हत्या की घटनाओं ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। परसुडीह और एमजीएम थाना क्षेत्र में घटित इन वारदातों में दो लोगों की जान चली गई, जबकि दो परिवार पूरी तरह बिखर गए। पुलिस की प्रारंभिक जांच में दोनों घटनाओं के पीछे शक, अविश्वास और पारिवारिक विवाद को प्रमुख कारण माना जा रहा है। एक मामले में अवैध संबंध के संदेह में एक कान्वाई चालक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि दूसरे मामले में पत्नी के चरित्र पर संदेह करने वाले पति ने उसकी जान ले ली। दोनों घटनाओं के बाद शहर में चर्चा का माहौल है और लोग रिश्तों में बढ़ते अविश्वास को लेकर चिंता जता रहे हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है।

इसे भी पढ़ें : Musabani : मतदाता सूची में एक भी नाम न छूटे, संगठन को बूथ स्तर तक करें मजबूत – कांग्रेस

शक और पारिवारिक विवाद ने छीनी दो जिंदगियां

परसुडीह थाना क्षेत्र के करनडीह लाइन टोला में रहने वाले मोहन सोरेन की हत्या ने इलाके में सनसनी फैला दी। मोहन मूल रूप से ओडिशा का रहने वाला था और अपने भाई के घर रहकर कान्वाई चालक का कार्य करता था। पुलिस के अनुसार राजू मुर्मू को अपनी पत्नी और मोहन सोरेन के बीच अवैध संबंध होने का संदेह था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। मंगलवार देर रात यह विवाद हिंसक रूप ले बैठा। आरोप है कि राजू मुर्मू ने मोहन को पकड़कर देकची, लाठी और डंडों से बुरी तरह पीटा। गंभीर रूप से घायल मोहन को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : कांग्रेस के जिला सचिव बने लव कुमार निराला, कार्यकर्ताओं ने दी शुभकामनाएं

अवैध संबंध के संदेह में चालक की बेरहमी से हत्या

इस मामले में आरोपी की पत्नी का बयान भी सामने आया है। महिला ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात उसका पति घर पहुंचा और उसके साथ मारपीट करने लगा। भय के कारण वह अपने दोनों बच्चों को लेकर पड़ोस में चली गई थी। बुधवार सुबह लौटने पर उसे मोहन सोरेन की हत्या की जानकारी मिली। महिला ने स्पष्ट कहा कि मोहन उसे ‘मामी’ कहकर बुलाता था और उनके बीच किसी प्रकार का अनुचित संबंध नहीं था। दूसरी ओर एमजीएम थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने एक और परिवार को तबाह कर दिया। यहां बापी मंडल ने अपनी 38 वर्षीय पत्नी गीता मंडल पर रसोई में रखे खलबट्टे से हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार बापी को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था और इसी कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। मंगलवार को हुए झगड़े के दौरान उसने गुस्से में आकर पत्नी के सिर पर कई वार कर दिए।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : भगवान बिरसा मुंडा के शहादत दिवस पर झामुमो ने दी श्रद्धांजलि

पत्नी ने बताया- झूठे शक ने ले ली एक निर्दोष की जान

गीता मंडल को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि बापी और गीता दोनों ने दूसरी शादी की थी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एक ही दिन में हुई इन दो हत्याओं ने शहरवासियों को स्तब्ध कर दिया है। दोनों मामलों में रिश्तों के बीच पनपे संदेह और गुस्से को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। सामाजिक जानकारों का कहना है कि संवादहीनता, अविश्वास और आवेश में लिए गए फैसले कई बार ऐसी दुखद घटनाओं को जन्म देते हैं, जिनका खामियाजा पूरे परिवार को भुगतना पड़ता है। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों में कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ा रही है और संबंधित साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।

Leave a Comment

You cannot copy content of this page

Scroll to Top