18 सूत्री मांग पत्र सौंपेगी झामुमो, समाधान नहीं होने पर हुडका जाम आंदोलन की चेतावनी
मांगें पूरी नहीं हुईं तो सुरदा माइंस में होगा बड़ा आंदोलन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड की सुरदा खदान में कार्यरत ठेका कर्मियों ने कथित शोषण और विभिन्न समस्याओं को लेकर ठेका कंपनी आर.के. अर्थ रिसोर्सेस प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। मजदूरों ने अपनी नाराजगी जताते हुए कहा कि लंबे समय से उनकी मांगों की अनदेखी की जा रही है। प्रदर्शन का नेतृत्व झामुमो नेता बाघराय मार्डी ने किया। इस दौरान सुरदा बाजार हाट में बाघराय मार्डी की अध्यक्षता में ठेका कर्मियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में मजदूर शामिल हुए। बैठक में मजदूरों की समस्याओं और उनके समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा आगे की रणनीति तैयार की गई।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : सादगी की मिसाल बने राज्यपाल, मेधावियों को सम्मानित कर बच्चों संग जमीन पर बैठकर किया मध्याह्न भोजन
ठेका कर्मियों ने शोषण के खिलाफ बुलंद की आवाज
बैठक में निर्णय लिया गया कि गुरुवार को ठेका कंपनी प्रबंधन और हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के अधिकारियों को 18 सूत्री मांग पत्र सौंपा जाएगा। झामुमो नेता बाघराय मार्डी ने कहा कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर यदि मजदूरों की मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर सुरदा माइंस का हुडका जाम कर उत्पादन और संचालन को प्रभावित करने वाला आंदोलन भी किया जाएगा। मजदूरों ने एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया और प्रबंधन से जल्द समस्याओं के समाधान की मांग की। बैठक के बाद आंदोलन को लेकर मजदूरों में व्यापक समर्थन और उत्साह देखा गया।


























