डेढ़ साल से अधूरा पड़ा 100 एमटी क्षमता वाला गोदाम, किसानों को नहीं मिल रहा योजना का लाभ
निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ तो होगा आंदोलन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : आईसीडीपी कोषांग रांची द्वारा पोटका प्रखंड के जामदा पंचायत में स्वीकृत 100 एमटी क्षमता वाले गोदाम सह मार्केटिंग सेंटर के निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता मनोज कुमार सरदार ने नाराजगी जताई है। उन्होंने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया और कहा कि पिछले डेढ़ वर्षों से यह महत्वपूर्ण परियोजना अधूरी पड़ी हुई है। उनके अनुसार, ठेकेदार द्वारा आधा-अधूरा कार्य कर निर्माण कार्य रोक दिया गया है, जिससे क्षेत्र के किसानों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि यह गोदाम किसानों की उपज के भंडारण और विपणन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, लेकिन निर्माण में लापरवाही के कारण योजना का उद्देश्य पूरा नहीं हो रहा है।
इसे भी पढ़ें : Musabani : सुरदा माइंस में ठेका मजदूरों का प्रदर्शन, 15 दिनों में मांगें नहीं मानी गईं तो ‘हुडका जाम’ की चेतावनी
अधूरे निर्माण से किसानों को नहीं मिल रहा लाभ
मनोज कुमार सरदार ने कहा कि गोदाम निर्माण पूरा नहीं होने से पोटका क्षेत्र के किसानों को धान बेचने के लिए 20 से 30 किलोमीटर दूर पोटका या कोवाली जाना पड़ता है। इससे किसानों को अतिरिक्त समय और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर जल्द ही जिला उपायुक्त से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा जाएगा और निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पोटका क्षेत्र में विकास कार्यों की गति काफी धीमी है और इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। मनोज सरदार ने चेतावनी देते हुए कहा कि किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लैम्पस गोदाम सह मार्केटिंग सेंटर का निर्माण जल्द पूरा कराया जाए, अन्यथा जनहित में आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।


























