डीवीसी के समीप आमने-सामने की भिड़ंत में एक चालक ने गंवाई जान, दूसरा चालक घायल
पुलिस ने शुरू की जांच, तेज रफ्तार को माना जा रहा संभावित कारण
जेबी लाइव, रिपोर्टर
राजनगर : सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत डीवीसी के समीप सोमवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक ट्रेलर चालक की मौत हो गई, जबकि दूसरे ट्रेलर का चालक घायल हो गया। हादसा सुबह करीब छह बजे उस समय हुआ जब आयरन (लौह अयस्क) लदा एक ट्रेलर जमशेदपुर से चाईबासा की ओर जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक अन्य आयरन लदे ट्रेलर से उसकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
इसे भी पढ़ें : Gua : बायोमेट्रिक हाजिरी के विरोध में चार लौह अयस्क खदानों में ठप हुआ कामकाज, पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग तेज
आमने-सामने की टक्कर से ट्रेलर का अगला हिस्सा हुआ क्षतिग्रस्त
घटना की सूचना मिलते ही राजनगर पुलिस और 108 एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजनगर पहुंचाया। हालांकि अस्पताल पहुंचने के कुछ समय बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक चालक की पहचान चक्रधर गिरी के रूप में हुई है। वह ओडिशा के क्योंझर जिला के घटगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत अर्जुनबिला गांव का निवासी बताया जा रहा है। वहीं दूसरे ट्रेलर का चालक भी दुर्घटना में घायल हुआ है। जानकारी के अनुसार, वह प्राथमिक सहायता के बाद किसी अन्य वाहन से इलाज के लिए चाईबासा चला गया।
इसे भी पढ़ें : Muri : संगठन की मजबूती और सामाजिक एकता के लिए पंच परगना सुंडी संघ ने शुरू किया जनजागरण अभियान
घायल चालक का चाईबासा में चल रहा उपचार
दुर्घटना के कारण कुछ समय तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की। फिलहाल मृतक का शव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजनगर में रखा गया है। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। परिजनों के पहुंचने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेजा जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है।























