बार-बार जंपर उड़ने और हादसे की आशंका से स्थानीय लोगों में बढ़ी चिंता
ग्रामीणों ने दी चेतावनी, जल्द समाधान नहीं हुआ तो खुद करेंगे पेड़ों की कटाई
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के बड़ा तालाब मेड़ दक्षिणी पंचायत भवन के समीप तथा हरहरगुट्टू देवता भवन के पास बिजली लाइन से सटी पेड़ों की टहनियां स्थानीय लोगों के लिए परेशानी और खतरे का कारण बनी हुई हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पेड़ों की टहनियां बिजली तारों से लगातार टकरा रही हैं, जिसके कारण बार-बार जंपर उड़ जाता है और क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित होती रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों और बिजली मिस्त्रियों को आवेदन दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों के अनुसार कार्यपालक अभियंता ने एक माह पूर्व जल्द ही पेड़ों की छंटाई कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक स्थिति जस की तस बनी हुई है। इससे क्षेत्र के लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
इसे भी पढ़ें : Rajnagar : राजनगर में भीषण सड़क हादसा, आयरन लदे दो ट्रेलरों की टक्कर में चालक की मौत
एक माह बाद भी नहीं हुई कार्रवाई, बिजली आपूर्ति लगातार प्रभावित
स्थानीय निवासियों ने बताया कि हरहरगुट्टू देवता भवन के पास स्थित पेड़ कभी भी गिर सकते हैं, जिससे आसपास के मकानों और लोगों की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है। लोगों का आरोप है कि लाइनमैन से संपर्क करने पर टालमटोल किया जाता है, जबकि समस्या उठाने पर कुछ असामाजिक तत्वों के माध्यम से धमकी दिलाने की भी शिकायत सामने आई है। बबुआ सिंह, प्रमिला देवी, दीपक देवी, सुषमा देवी, विजय कुमार, अमित कुमार, रतन ठाकुर और अजय कुमार वर्मा समेत अन्य ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शनिवार तक पेड़ों की छंटाई नहीं कराई गई तो स्थानीय लोग स्वयं पेड़ काटने का कार्य शुरू कर देंगे। ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता और ऐसी स्थिति में जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।



























