फोटो1 मेला में चना गुड़ वितरण करते विधायक तथा मंदिर में पूजा करते सपरिवार
पांच दिवसीय मेले के पहले दिन हजारों श्रद्धालुओं ने किया बाबा मुक्तेश्वर का दर्शन-पूजन
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रशासन ने किए विशेष इंतजाम
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : रोजो संक्रांति के अवसर पर मुक्तेश्वर धाम हरिना में आयोजित होने वाला कोल्हान का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक मेला सोमवार से शुरू हो गया। पांच दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन का शुभारंभ परंपरागत रूप से प्रातःकाल पातभोक्ता पूजन के साथ किया गया। मेले के पहले दिन ही हजारों श्रद्धालु मुक्तेश्वर बाबा के दरबार में पहुंचे और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। पूजा के बाद श्रद्धालुओं ने मेले में लगी विभिन्न दुकानों, झूलों और अन्य आकर्षणों का आनंद उठाया। पूरे मेला परिसर में श्रद्धा, उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने मेले की भव्यता को और बढ़ा दिया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बागबेड़ा में बिजली लाइन पर झूल रही पेड़ों की टहनियां बनीं खतरा, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
पातभोक्ता पूजन के साथ पांच दिवसीय मेले का हुआ शुभारंभ
इस अवसर पर विधायक संजीव सरदार ने पातभोक्ताओं और श्रद्धालुओं के बीच चना, गुड़ एवं शरबत का वितरण किया। उन्होंने अपने परिवार के साथ बाबा मुक्तेश्वर की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र और राज्य की खुशहाली की कामना की। मौके पर मुख्य पुजारी बजरंकन दंडपात भी उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल एवं प्रशासनिक अधिकारी लगातार मेले की निगरानी कर रहे हैं। विधायक संजीव सरदार ने कहा कि मुक्तेश्वर धाम हरिना की यह परंपरा कोल्हान की सांस्कृतिक पहचान है, जो सामाजिक समरसता, आस्था और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करती है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को रोजो संक्रांति की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए हर संभव व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।



























