युवाओं को करियर, अनुशासन और संघर्ष का संदेश, संस्था ने आनंद जेराई के योगदान को सराहा
आनंद जेराई के योगदान को याद कर दी गई सम्मानजनक विदाई
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चक्रधरपुर : चक्रधरपुर स्थित आरपीएस कॉलेज परिसर में कोल्हान नितिर तुरतुंग (केएनटी) के तत्वावधान में एक दिवसीय युवा संवाद सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के संरक्षक माझीराम जामुदा ने की। समारोह का मुख्य उद्देश्य युवाओं को शिक्षा, करियर और व्यक्तित्व विकास के प्रति जागरूक करना तथा सीआरपीएफ कमांडेंट आनंद जेराई के दिल्ली स्थानांतरण के अवसर पर उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई देना था। कार्यक्रम में विभिन्न वक्ताओं ने युवाओं को जीवन में अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के महत्व से अवगत कराया। शारीरिक प्रशिक्षक दया सागर केराई ने युवाओं को शारीरिक प्रशिक्षण की आवश्यकता बताते हुए विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने जाति प्रमाण पत्र और आवासीय प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया की भी विस्तृत जानकारी दी, ताकि युवाओं को सरकारी योजनाओं और अवसरों का लाभ मिल सके।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : 15 साल बाद कुंवर सिंह मैदान रोड नंबर-3 के घरों में पहुंचा नल का पानी, लोगों में खुशी की लहर
युवा संवाद कार्यक्रम में करियर और व्यक्तित्व विकास पर चर्चा
कार्यक्रम में आरपीएस कॉलेज के पूर्व प्राचार्य शिव पूजन साय ने इतिहास के प्रेरणादायक प्रसंगों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को संघर्षशील बनने और कठिन परिस्थितियों में भी हार न मानने की सीख दी। संस्था के संरक्षक ज्ञान सिंह दोराईबुरु ने कोल्हान नितिर तुरतुंग की स्थापना से लेकर उसके विकास तक की यात्रा का उल्लेख करते हुए संस्था के विस्तार में आनंद जेराई के योगदान को महत्वपूर्ण बताया। वहीं रबिन्द्र गिलुवा ने संवाद फेलोशिप कार्यक्रम की जानकारी देकर विद्यार्थियों को इसके लाभों से अवगत कराया। संस्था के कोषाध्यक्ष जय सिंह कुंटिया ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में समय प्रबंधन की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन की सलाह दी। कुचाई संयोजक राम चंद्र सोय ने अपनी पुस्तक का परिचय देते हुए युवाओं को लक्ष्य प्राप्ति तक लगातार प्रयासरत रहने का संदेश दिया।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : जादूगोड़ा साप्ताहिक हाट के सौंदर्यीकरण की उठी मांग, टिक्की मुखी ने यूसील प्रबंधन को सौंपा आवेदन
वक्ताओं ने युवाओं को सफलता के लिए दिया प्रेरक मार्गदर्शन
समारोह के दौरान सीआरपीएफ कमांडेंट आनंद जेराई को उनके दिल्ली स्थानांतरण पर सम्मानित कर भावभीनी विदाई दी गई। वक्ताओं ने कहा कि चक्रधरपुर में कोल्हान नितिर तुरतुंग की शाखा को मजबूत बनाने में उनकी अहम भूमिका रही है। उन्होंने युवाओं को फिजिकल ट्रेनिंग, क्लासरूम संचालन, फिजिकल एवं मेडिकल टेस्ट की तैयारी तथा करियर काउंसलिंग के माध्यम से लगातार मार्गदर्शन दिया। रांची में पदस्थापना के दौरान भी उनका सहयोग संस्था को मिलता रहा। अपने संबोधन में आनंद जेराई ने अपने संघर्षपूर्ण जीवन के अनुभव साझा करते हुए युवाओं को शारीरिक रूप से फिट रहने, अनुशासित जीवन जीने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के सफल आयोजन में संयुक्त सचिव हेमंत सामड और राम बोदरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
























