नागरिक सुविधा समिति ने यात्रियों की समस्याओं को उठाया, समयबद्ध रेल परिचालन की भी की मांग
समय पर ट्रेन संचालन की मांग को लेकर रेलवे प्रशासन से हस्तक्षेप की अपील
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मनोहरपुर : मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की समस्याओं के समाधान को लेकर नागरिक सुविधा समिति मनोहरपुर एवं क्षेत्र के ग्रामीणों ने दक्षिण पूर्व रेलवे, चक्रधरपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) को ज्ञापन सौंपा। सुशील बारला के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में स्टेशन पर अतिरिक्त एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव और ट्रेनों के समयबद्ध परिचालन की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि मनोहरपुर रेलवे स्टेशन लोहांचल क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण स्टेशन है, जहां से चिरिया, गुवा, किरीबुरू, जामदा तथा ओडिशा के बड़बिल क्षेत्र के हजारों यात्री प्रतिदिन रांची, जमशेदपुर, कोलकाता, दिल्ली, पुरी सहित देश के विभिन्न शहरों की यात्रा करते हैं। सरकारी कार्य, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और न्यायालय संबंधी जरूरतों के लिए भी बड़ी संख्या में लोग इसी स्टेशन पर निर्भर हैं। इसके बावजूद कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का यहां ठहराव नहीं होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसे भी पढ़ें : Chakradharpur : आरपीएस कॉलेज में युवा संवाद सह सम्मान समारोह, सीआरपीएफ कमांडेंट आनंद जेराई को दी गई भावभीनी विदाई
क्षेत्र के प्रमुख स्टेशन पर सुविधाएं बढ़ाने की मांग
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि मनोहरपुर आयरन ओर साइडिंग के माध्यम से रेलवे को हर वर्ष करोड़ों रुपये का राजस्व प्राप्त होता है, लेकिन इसके अनुरूप यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। समिति ने टाटा-यशवंतपुर एक्सप्रेस (18111/18112), हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस (12833/12834), टाटा-एर्नाकुलम एक्सप्रेस (18189/18190) तथा हावड़ा-पुणे आजाद हिंद एक्सप्रेस (12129/12130) का मनोहरपुर स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की। इसके अलावा जगदलपुर एक्सप्रेस (18108) को राउरकेला से टाटानगर तक विस्तारित कर मनोहरपुर, गोइलकेरा, सोनुआ और चक्रधरपुर स्टेशनों पर ठहराव देने की भी मांग रखी गई। समिति का कहना है कि इन ट्रेनों के ठहराव से क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और यात्रा सुविधाएं बेहतर होंगी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : 15 साल बाद कुंवर सिंह मैदान रोड नंबर-3 के घरों में पहुंचा नल का पानी, लोगों में खुशी की लहर
कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की उठी मांग
समिति ने ट्रेनों के विलंबित परिचालन पर भी चिंता जताई। ज्ञापन में राउरकेला-टाटानगर पैसेंजर, चक्रधरपुर-राउरकेला पैसेंजर, पुरी-हरिद्वार उत्कल एक्सप्रेस, आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस, हावड़ा-जूनागढ़ इस्पात एक्सप्रेस तथा हावड़ा-कांताबांजी इस्पात एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों को निर्धारित समय पर चलाने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि ट्रेनों के लगातार विलंब से यात्रियों को आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से मांगों पर सकारात्मक विचार करते हुए शीघ्र कार्रवाई करने और इसकी जानकारी समिति को उपलब्ध कराने का आग्रह किया। डीआरएम को ज्ञापन सौंपने वालों में सुशील बारला, सेवानिवृत्त शिक्षक अश्विनी बाधेल, निसार अहमद, सीमा मुंडारी, बलदेव जाते और मनोज नायक शामिल थे।























