प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के दूसरे दिन वैदिक अनुष्ठानों में बड़ी संख्या में शामिल हुए श्रद्धालु
हरि नाम संकीर्तन में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, भक्ति में डूबा दारिसोल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के खेडूआ पंचायत स्थित दारिसोल के नवनिर्मित श्रीराम मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के दूसरे दिन मंगलवार को धार्मिक उल्लास और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के तहत वेदमंत्रोच्चार के बीच मंडप पूजा, सूर्य पूजा, गो-पूजा तथा गर्भगृह में रामलला का विशेष महाभिषेक संपन्न कराया गया। बनारस से आए विद्वान पुजारियों ने विधि-विधान के साथ देवी-देवताओं का आह्वान, संस्कार हवन, पाठ, आरती एवं पुष्पांजलि जैसे अनुष्ठान कराए। पूरे मंदिर परिसर में जय श्री राम और जय बजरंगबली के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : रॉजलाबांध में जलनिकासी व्यवस्था ध्वस्त, हर मानसून में सड़क बन जाती है तालाब
वैदिक अनुष्ठानों के साथ श्रद्धालुओं ने लिया धार्मिक कार्यक्रमों का आनंद
महोत्सव के दौरान आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। शाम होते ही मंदिर परिसर में आयोजित दो दिवसीय हरि नाम संकीर्तन ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। संकीर्तन मंडलियों द्वारा प्रस्तुत भजनों और नाम-स्मरण से पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो उठा। देर रात तक श्रद्धालु भजन-कीर्तन का आनंद लेते रहे। आयोजन समिति ने बताया कि महोत्सव के अंतिम दिन भी कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बड़ी संख्या में भक्तों के शामिल होने की संभावना है।
























