विद्यालय परिसर में भरा पानी, छात्रों और शिक्षकों को हो रही परेशानी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : बड़ाजामदा में बुधवार शाम करीब एक घंटे तक हुई लगातार बारिश ने आदर्श मध्य विद्यालय की बदहाल जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। तेज बारिश के बाद विद्यालय परिसर पूरी तरह जलमग्न हो गया और स्कूल तालाब जैसा दिखाई देने लगा। परिसर में जगह-जगह पानी भर जाने से छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य राजकुमार श्रीवास्तव ने बताया कि हर वर्ष बरसात के मौसम में यही स्थिति उत्पन्न होती है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी लंबे समय तक विद्यालय परिसर में जमा रहता है, जिससे शैक्षणिक गतिविधियां भी प्रभावित होती हैं। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों को स्कूल आने-जाने में सबसे अधिक परेशानी होती है और परिसर में फिसलकर दुर्घटना होने का खतरा भी बना रहता है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : लगातार तीसरी बार चैंपियन बनी टाइगर नाइट्स, JGL-9 का खिताब जीत रचा इतिहास
स्थायी समाधान की मांग, अभिभावकों ने भी जताई चिंता
प्रभारी प्रधानाचार्य राजकुमार श्रीवास्तव ने बताया कि विद्यालय में जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया है। उन्होंने संबंधित विभाग और स्कूल प्रबंधन से शीघ्र नाली निर्माण एवं बेहतर जलनिकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि बारिश का पानी आसानी से बाहर निकल सके। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो पूरे बरसात के मौसम में विद्यालय परिसर जलमग्न रहता रहेगा और छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होगी। अभिभावकों ने भी बच्चों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि विद्यालय में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण मिल सके।























