निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा, अधिकारियों को समयबद्ध कार्य पूरा करने का निर्देश
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित भुईयांडीह लिट्टी चौक से भिलाई पहाड़ी (एनएच-33) तक बनने वाली फोर लेन सड़क एवं स्वर्णरेखा नदी पर निर्माणाधीन फोर लेन सिग्नेचर ब्रिज परियोजना का विधायक पूर्णिमा साहू ने स्थलीय निरीक्षण किया। सोमवार को उन्होंने भुईयांडीह अंतर्गत बाबूडीह और लाल भट्टा के बारा घाट स्थित निर्माण स्थल पहुंचकर पथ निर्माण विभाग के अभियंताओं एवं अधिकारियों के साथ परियोजना की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान विधायक ने निर्माण कार्य के विभिन्न चरणों की जानकारी प्राप्त की और कार्य की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से परियोजना की प्रगति रिपोर्ट लेते हुए निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जुगसलाई में पांच दिनों से ठप डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, पार्षदों ने जताई नाराजगी
गुणवत्ता से समझौता नहीं, तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान विधायक पूर्णिमा साहू ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और सुरक्षा प्रावधानों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना जमशेदपुर की यातायात व्यवस्था को नई दिशा देने वाली महत्वपूर्ण योजना है। इसके पूरा होने से शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम होगा, जाम की समस्या में राहत मिलेगी और विभिन्न क्षेत्रों के बीच आवागमन अधिक सुगम बनेगा। विधायक ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही पूरे होने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : SIR-2026 को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने राजनीतिक दलों के साथ की समीक्षा बैठक
समय पर पूरा होने पर शहर को मिलेगा यातायात और कनेक्टिविटी का बड़ा लाभ
विभागीय अभियंताओं ने विधायक को बताया कि परियोजना का निर्माण कार्य निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार आगे बढ़ रहा है और विभिन्न चरणों में कार्य जारी है। विधायक पूर्णिमा साहू ने विश्वास जताया कि विभाग और निर्माण एजेंसी के समन्वित प्रयास से यह महत्वाकांक्षी परियोजना तय समय-सीमा के भीतर पूरी होगी। उन्होंने कहा कि परियोजना पूर्ण होने के बाद जमशेदपुर की जनता को बेहतर यातायात सुविधा, सुगम आवागमन और मजबूत कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा। निरीक्षण के दौरान विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, भाजपा सीतारामडेरा मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह, बारीडीह मंडल अध्यक्ष कुमार अभिषेक, मिथिलेश साव, धनराज गुप्ता, कौस्तव रॉय, हरेराम सिंह, अनिकेत रॉय सहित कई भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।























