पुलिस और ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने स्टॉक, बिल और एक्सपायरी डेट की जांच की
जेबी लाइव, रिपोर्टर
झाड़ग्राम : झाड़ग्राम में दवाओं की बिक्री और भंडारण में नियमों के अनुपालन की जांच को लेकर बुधवार को जिला पुलिस और ड्रग्स कंट्रोल विभाग की संयुक्त टीम ने शहर की विभिन्न दवा दुकानों और फार्मेसियों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दवाओं की खरीद से संबंधित बिल और रसीदों, अधिकृत स्टॉक, भंडारण व्यवस्था तथा रखरखाव की स्थिति की जांच की। इस दौरान दवाओं की वैधता और एक्सपायरी डेट का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया। टीम ने यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि दवा दुकानों में केवल अनुमति प्राप्त दवाओं की ही बिक्री हो रही है और सभी आवश्यक रिकॉर्ड निर्धारित नियमों के अनुसार संधारित किए जा रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : माधवपुर गांव पहुंचा डालसा का मोबाइल वैन, कानून से रूबरू हुए स्कूली बच्चे
दवा दुकानों में रिकॉर्ड और स्टॉक की जांच तेज
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्टॉक रजिस्टर समेत अन्य वैधानिक दस्तावेजों की भी जांच की। अधिकारियों के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 तथा इसके तहत बनाए गए नियमों के अनुरूप दवाओं के भंडारण, स्टॉक और बिक्री को सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि नियमों के उल्लंघन से आम लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है, इसलिए इस तरह की संयुक्त कार्रवाई आवश्यक है। पुलिस और ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने स्पष्ट किया कि दवाओं की बिक्री में पारदर्शिता बनाए रखने और लोगों की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे।


























