डिवाइडर से टकराई बच्चों से भरी वैन, दो छात्र और चालक गंभीर रूप से घायल
कार को बचाने के प्रयास में हादसा, पुलिस ने शुरू की जांच
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : टेल्को स्टेडियम-भुवनेश्वरी मंदिर रोड पर एन-111 के पास शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। चिन्मया स्कूल के बच्चों को लेकर जा रही टाटा विंगर स्कूल वैन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन का चैंबर तक फट गया और धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। हादसे के बाद बच्चों की चीख-पुकार से आसपास का इलाका गूंज उठा। स्थानीय लोग और आसपास के फ्लैटों से निवासी तुरंत मौके पर पहुंचे तथा राहत कार्य शुरू किया। दुर्घटना में 15 से 17 बच्चे घायल हुए हैं, जिन्हें लोगों की मदद से तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया गया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : टाटानगर में बनेगा वंदे भारत कोच डिपो, सांसद बिद्युत बरण महतो के प्रयासों को मिली सफलता
तेज धमाके के साथ डिवाइडर से टकराई स्कूल वैन, मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना उस समय हुई जब सामने से आ रही एक कार को बचाने के प्रयास में वैन चालक ने नियंत्रण खो दिया। मौके पर मौजूद उत्तम नामक व्यक्ति ने बताया कि चिन्मया स्कूल की ओर से आ रही कार अचानक वैन के सामने आ गई, जिससे टक्कर टालने के दौरान वैन सीधे डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में दो बच्चे और चालक गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। घटना के बाद अभिभावकों में चिंता का माहौल है।


























