एडवांस भुगतान, क्वार्टर मरम्मत और अस्पताल सुविधाओं में सुधार का मिला आश्वासन
अस्पताल सुविधाओं में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा में मजदूरों की विभिन्न मांगों को लेकर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे के नेतृत्व में एक सप्ताह पूर्व सेल प्रबंधन के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई थी। बैठक में मजदूरों से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की गई, जिसमें प्रबंधन ने अधिकांश मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए उन्हें जल्द लागू करने का आश्वासन दिया। यूनियन कार्यालय में आयोजित मजदूरों की बैठक में रामा पांडे ने बताया कि आगामी दुर्गापूजा को देखते हुए ठेका मजदूरों को 10 हजार रुपये एडवांस देने की मांग पर प्रबंधन सहमत हो गया है। इससे मजदूरों को त्योहार के दौरान आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : उपेन्द्र कुमार सिंह बने जदयू के जमशेदपुर प्रखंड अध्यक्ष
दुर्गापूजा से पहले ठेका मजदूरों को एडवांस देने पर बनी सहमति
बैठक में मजदूरों के क्वार्टरों की मरम्मत का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। प्रबंधन ने क्वार्टरों में आवश्यक मरम्मत कार्य जल्द पूरा कराने और छोटे-मोटे मरम्मत कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर कराने का भरोसा दिया है। इसके अलावा ठेका मजदूरों को स्किल्ड और सेमी-स्किल्ड श्रेणी का लाभ देने पर भी सहमति बनी है। वहीं कई ठेका मजदूरों और सुरक्षा गार्डों को अब तक रिटेंचमेंट बेनिफिट की बकाया राशि नहीं मिलने के मामले में प्रबंधन ने शीघ्र भुगतान का आश्वासन दिया है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : स्कूल वैन हादसे में 17 बच्चे घायल, टेल्को स्टेडियम रोड पर मची अफरा-तफरी
क्वार्टर मरम्मत और बकाया भुगतान पर प्रबंधन ने दिया भरोसा
गुवा सेल अस्पताल की समस्याओं को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। प्रबंधन ने अस्पताल में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर करने, नई एक्स-रे मशीन लगाने, एक नया एंबुलेंस उपलब्ध कराने तथा दो चिकित्सकों की नियुक्ति करने की बात कही है। केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने कहा कि मजदूरों की लंबे समय से लंबित मांगों पर सहमति बनना सकारात्मक कदम है, लेकिन यदि इन फैसलों को जल्द जमीन पर नहीं उतारा गया तो झारखंड मजदूर संघर्ष संघ आंदोलन के लिए बाध्य होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की जिम्मेदारी पूरी तरह सेल प्रबंधन की होगी।



























