एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं होने पर समर्थकों के साथ सफाई अभियान चलाने की चेतावनी
एक सप्ताह की मोहलत, फिर शुरू होगा जनसहभागिता से सफाई अभियान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम को बागानशाही स्थित मुर्दा मैदान की सफाई को लेकर कड़ा अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर मैदान की सफाई नहीं कराई गई तो उनके समर्थक और स्थानीय लोग स्वयं सफाई अभियान चलाएंगे। सरयू राय ने मुर्दा मैदान का निरीक्षण करने के बाद कहा कि पिछले करीब तीन महीनों से वहां कूड़े-कचरे का ढेर लगा हुआ है, जिससे आसपास के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों ने उन्हें फोन कर मैदान की स्थिति देखने और नगर निगम से सफाई कराने की मांग की थी।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : चौका और कांड्रा में तंबाकू नियंत्रण अभियान, 35 प्रतिष्ठानों की हुई जांच
तीन महीने से जमा कचरे पर लोगों में बढ़ रही नाराजगी
निरीक्षण के दौरान सरयू राय ने मुस्लिम समुदाय के लोगों और आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों, जिनमें आदिवासी नेता सोनाराम मांझी भी शामिल थे, से बातचीत की। सरयू राय के अनुसार मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बताया कि जब वे सफाई की मांग लेकर नगर निगम पहुंचे तो उन्हें कहा गया कि आदिवासी समुदाय ने सफाई के लिए मना किया है। इस पर सोनाराम मांझी ने स्पष्ट किया कि आदिवासी समुदाय की चिंता मैदान पर संभावित अतिक्रमण को लेकर थी। उनका कहना था कि सफाई का विरोध कभी नहीं किया गया, बल्कि आशंका थी कि सफाई के बाद भूमि पर कब्जे की कोशिश हो सकती है। उन्होंने भी मैदान में जमा गंदगी और उससे फैल रही बीमारियों पर चिंता जताई।
इसे भी पढ़ें : Ranchi : दवा खरीद पर सरयू राय के सवाल, कम दर के प्रस्ताव छोड़ महंगी खरीद की तैयारी पर उठाई आपत्ति
सफाई को लेकर समुदायों के बीच स्थिति हुई स्पष्ट
सरयू राय ने कहा कि सार्वजनिक उपयोग की जगहों पर इस तरह की गंदगी स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने मानगो नगर निगम को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्धारित समय के भीतर सफाई नहीं हुई तो स्थानीय लोग और उनके समर्थक हाईवा लगाकर मैदान की सफाई करेंगे। उन्होंने कहा कि निकाले गए कूड़े और मलबे को नगर निगम कार्यालय के सामने या अन्य उपयुक्त स्थान पर डाल दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम की होगी। विधायक ने नगर निगम से तत्काल कार्रवाई कर क्षेत्रवासियों को राहत देने की मांग की है।























