कुईड़ा आजीविका महिला संकुल संगठन की वार्षिक आमसभा में महिलाओं को आत्मनिर्भरता का संदेश
आमसभा में उपलब्धियों की समीक्षा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मनोहरपुर : गोईलकेरा प्रखंड के कदमडीहा गांव में बुधवार को कुईड़ा आजीविका महिला संकुल संगठन की वार्षिक आमसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सिंहभूम सांसद जोबा माझी ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और सामाजिक बदलाव की अगुवाई करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिलाएं केवल परिवार की जिम्मेदारियां निभाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की महत्वपूर्ण शक्ति भी हैं। सांसद ने महिलाओं से अंधविश्वास, बाल विवाह और नशापान जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के माध्यम से सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का लगातार प्रयास कर रही है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : किताबों के सहारे जिंदगी की जंग लड़ रहे पोलियो पीड़ित लेखक मृत्युंजय, सम्मानजनक जीवन की तलाश जारी
महिलाओं को सामाजिक बदलाव की अगुवाई करने का आह्वान
सांसद जोबा माझी ने दिग्गीलोटा की चर्चित ‘वायरल गर्ल’ अंजली हेम्ब्रम का उदाहरण देते हुए कहा कि स्वरोजगार और उद्यमिता के माध्यम से महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी तथा पलायन जैसी समस्याओं पर भी रोक लगेगी। कार्यक्रम में बीपीएम मुमताज आलम ने संगठन की उपलब्धियों की जानकारी दी, जबकि बीएपी मकरु सुंडी ने वार्षिक लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विभिन्न महिला समूहों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति भी दी गई। कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख निरूमनी कोड़ाह, अकबर खान, अघना कंडुलना समेत बड़ी संख्या में महिला समूहों की सदस्य उपस्थित रहीं।























