बोनस, वेतन कटौती और बकाया भुगतान को लेकर यूनियन की संवेदक व प्रबंधन से वार्ता
11 अक्टूबर के बाद अनिश्चितकालीन आंदोलन की तैयारी
48 घंटे में समाधान नहीं तो अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे मजदूर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन के अधीन कार्यरत मजदूरों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जौहर झारखंड श्रमिक महासंघ ने संवेदक एवं संबंधित प्रबंधन के साथ महत्वपूर्ण वार्ता की। मजदूरों ने यूनियन के समक्ष बोनस भुगतान, वेतन में कटौती और अन्य लंबित देयताओं को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद यूनियन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रबंधन के समक्ष मजदूरों की मांगों को रखा। यूनियन ने स्पष्ट किया कि मजदूरों को समय पर बोनस का भुगतान किया जाए तथा वेतन और अन्य मदों में की जा रही कटौती को तत्काल रोका जाए।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : एमजीएम के बाद सदर अस्पताल में भी खुले में मिला मेडिकल कचरा, जेएचआरसी ने उठाए गंभीर सवाल
मजदूरों की समस्याओं को लेकर यूनियन ने प्रबंधन से की वार्ता
वार्ता के दौरान यूनियन नेताओं ने पूर्व में मजदूरों के वेतन से की गई कटौती की निष्पक्ष जांच कराने और कटौती की गई राशि का उचित भुगतान सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई। मजदूरों की मांगों के समर्थन में बुधवार को एक दिवसीय टूल डाउन स्ट्राइक का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में मजदूर शामिल हुए। आंदोलन का नेतृत्व जौहर झारखंड श्रमिक महासंघ के नेता राजीव पांडेय ने किया। उन्होंने कहा कि मजदूरों की मांगें पूरी तरह जायज हैं और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन हर स्तर पर संघर्ष करेगा।
इसे भी पढ़ें : Chandil : दुर्गापूजा से पहले अवैध शराब पर उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो भट्ठियां ध्वस्त
बोनस और वेतन कटौती के मुद्दे पर टूल डाउन स्ट्राइक आयोजित
राजीव पांडेय ने कहा कि संवेदक को 48 घंटे के भीतर सभी प्रमुख मांगों का समाधान करने के लिए स्पष्ट रूप से कहा गया है। यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान नहीं होता है तो 11 अक्टूबर के बाद मजदूर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को बाध्य होंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा तथा संवेदक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग भी उठाई जाएगी। इस दौरान कांग्रेस नेता रंजीत झा, वेद प्रकाश तिवारी, अम्बेश मिश्रा, सुल्तान अहमद, रवि सिंह एवं महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष नलिनी सिन्हा सहित कई लोग मौजूद रहे। यूनियन ने प्रबंधन से श्रमिक हितों को प्राथमिकता देते हुए सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की अपील की है।
























