आदित्यपुर, गम्हरिया और कांड्रा क्षेत्र में विशेष जांच अभियान, सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की दी चेतावनी
सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए आगे भी जारी रहेगा अभियान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला-खरसावाँ : जिले में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा अवैध रूप से पार्क किए गए भारी वाहनों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उपायुक्त के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी शंकरचार्य सामद के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने आदित्यपुर, गम्हरिया, कांड्रा समेत विभिन्न प्रमुख मार्गों पर विशेष जांच अभियान संचालित किया। अभियान के दौरान सड़क किनारे और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अनधिकृत रूप से खड़े भारी वाहनों की जांच की गई तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
इसे भी पढ़ें : Chandil : दुर्गापूजा से पहले हाईमास्ट लाइट से जगमगाया चांडिल मुख्य चौक
सड़क सुरक्षा को लेकर प्रमुख मार्गों पर चला विशेष जांच अभियान
जांच के दौरान कुल 22 भारी वाहनों को अवैध पार्किंग का दोषी पाया गया। परिवहन विभाग ने इन वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए कुल ₹1,44,950 का जुर्माना वसूला। अधिकारियों ने बताया कि सड़क किनारे भारी वाहनों की अनधिकृत पार्किंग से यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। खासकर रात के समय बिना सुरक्षा संकेतों के खड़े वाहन अन्य वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं। विभाग ने कहा कि ऐसे मामलों को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : टाटानगर रेलवे स्टेशन के मजदूरों ने दी हड़ताल की चेतावनी, 48 घंटे में मांगें पूरी करने की मांग
अवैध पार्किंग करने वाले 22 वाहनों पर हुई दंडात्मक कार्रवाई
अभियान के दौरान वाहन चालकों को निर्धारित एवं सुरक्षित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की सख्त हिदायत दी गई। उन्हें मुख्य सड़क, सड़क किनारे अथवा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले स्थानों पर वाहन खड़ा नहीं करने की चेतावनी भी दी गई। जिला परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा मानकों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध भविष्य में भी नियमित रूप से कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाना और आम नागरिकों के लिए सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना है।
























