पप्पू वर्मा के निजी प्रयास से बदली गई खराब लाइट, बाजार में लौटी रोशनी
जनहित के कार्य के लिए पप्पू वर्मा का किया गया सम्मान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चांडिल : दुर्गापूजा पर्व के मद्देनजर चांडिल मुख्य चौक बाजार में लंबे समय से खराब पड़ी हाईमास्ट लाइट को बदलकर नई लाइट लगा दी गई है। चांडिल बाजार समिति के अध्यक्ष सह जिला मंत्री पप्पू वर्मा के प्रयास और निजी खर्च से यह कार्य कराया गया। कई महीनों से हाईमास्ट लाइट खराब रहने के कारण मुख्य चौक क्षेत्र अंधेरे में डूबा रहता था, जिससे शाम के समय दुकानदारों, ग्राहकों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। त्योहारी सीजन में बढ़ती भीड़ को देखते हुए नई लाइट लगने से पूरे बाजार क्षेत्र में रोशनी फैल गई है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : टाटानगर रेलवे स्टेशन के मजदूरों ने दी हड़ताल की चेतावनी, 48 घंटे में मांगें पूरी करने की मांग
त्योहार से पहले बाजार में लौटी रोशनी, लोगों को मिली राहत
नई हाईमास्ट लाइट के चालू होने के बाद स्थानीय दुकानदारों और आम लोगों ने खुशी जताई है। इस जनहितकारी पहल के लिए समाजसेवी सह दुकानदार बबलू मोदक, अबीर कुंडू और महाबीर कुंडू ने संयुक्त रूप से पप्पू वर्मा को केसरिया गमछा ओढ़ाकर सम्मानित किया। लोगों ने कहा कि मुख्य चौक में पर्याप्त रोशनी होने से सुरक्षा और आवागमन दोनों बेहतर होंगे। दुर्गापूजा के दौरान बाजार आने वाले श्रद्धालुओं और खरीदारों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।
























