उपायुक्त नितिश कुमार सिंह और एसपी मनोज सर्वांगियारी ने ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ को दिखाई हरी झंडी
अधिकारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने स्वच्छता अभियान में लिया हिस्सा
राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और विद्यार्थियों की रही भागीदारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला : झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सरायकेला-खरसावां जिले में रविवार को विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान भगवान बिरसा मुंडा एवं वीर शहीद सिदो-कान्हू को माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। समाहरणालय भवन एवं बिरसा चौक स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा तथा सिदो-कान्हू पार्क स्थित वीर शहीद सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वांगियारी, उप विकास आयुक्त रीना हांसदा और अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश सहित अन्य अधिकारियों ने माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर अधिकारियों ने झारखंड के निर्माण में महापुरुषों के संघर्ष, बलिदान और योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया। साथ ही उनके आदर्शों पर चलकर राज्य को विकसित और समृद्ध बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
इसे भी पढ़ें : Novamundi/Jagnathpur : जमजुई गांव में मलेरिया का बढ़ता प्रकोप, 20 से अधिक ग्रामीण संक्रमित, मच्छरदानी उपलब्ध कराने की मांग
राज्य स्थापना दिवस पर बिरसा मुंडा और सिदो-कान्हू को अधिकारियों ने किया नमन

राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर स्वच्छता के प्रति आम लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके तहत बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला से कुदरसाई शिव मंदिर तालाब तक जागरूकता दौड़ आयोजित की गई। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वांगियारी, उप विकास आयुक्त रीना हांसदा एवं अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। खास बात यह रही कि सभी वरीय पदाधिकारी स्वयं भी दौड़ में शामिल हुए और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। दौड़ के माध्यम से लोगों को स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने, सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने तथा स्वस्थ वातावरण के निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : बाल विवाह रुकवाने वाली साहसी छात्रा बाल दिवस पर सम्मानित, बच्चों ने ली कुरीति के खिलाफ शपथ
‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ से दिया स्वच्छता का संदेश, अधिकारियों ने भी लगाई दौड़
जागरूकता दौड़ के समापन के बाद कुदरसाई शिव मंदिर तालाब स्थित छठ घाट पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया। इसमें उपस्थित पदाधिकारियों, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी ने मिलकर घाट परिसर की सफाई की और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर केवल जिला मुख्यालय ही नहीं, बल्कि जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों एवं नगर निकाय क्षेत्रों में भी स्वच्छता संबंधी गतिविधियां आयोजित की गईं। इसके तहत विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक स्थलों और छठ घाटों की साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के माध्यम से सामुदायिक सहभागिता और सामूहिक जिम्मेदारी पर विशेष जोर दिया गया।
इसे भी पढ़ें : Manoharpur : सुनसुना में छठ महापर्व पर फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन, विधायक जगत माझी ने किया उद्घाटन
छठ घाटों पर चला सफाई अभियान, विद्यार्थियों और नागरिकों ने बढ़ाया स्वच्छता का संदेश
इस अवसर पर उपायुक्त नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वांगियारी ने जिलेवासियों को झारखंड राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए जोहार कहा। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, सुरक्षित और विकसित झारखंड का निर्माण सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। इसके लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि स्वच्छता को केवल विशेष अवसरों तक सीमित नहीं रखें, बल्कि इसे अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाएं। अपने घर, मोहल्ले, सार्वजनिक स्थलों और आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखने में सहयोग करें। साथ ही राज्य स्थापना दिवस और राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले में आगामी दिनों में आयोजित होने वाले विभिन्न जनकल्याणकारी, जागरूकता एवं विकासपरक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 65 बोतल शराब के साथ दुकानदार गिरफ्तार
उपायुक्त और एसपी ने जिलेवासियों से स्वच्छ एवं विकसित झारखंड बनाने की अपील की
कार्यक्रम में परियोजना निदेशक, आईटीडीए उषा मुंडू, जिला परिवहन पदाधिकारी शंकराचार्य संवाद, जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक अमित कुमार, जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। इनके अलावा जिला कृषि पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी एवं जिला नियोजन पदाधिकारी ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों की सहभागिता से पूरा आयोजन उत्साहपूर्ण रहा। राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रमों के माध्यम से जिले में महापुरुषों के बलिदान को याद करने के साथ स्वच्छता, सामाजिक सहभागिता और विकास के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।
























