परिवार के चाईबासा जाने के दौरान चोरों ने बनाया निशाना
मुख्य गेट और अलमारी का लॉक तोड़कर दिया वारदात को अंजाम; पुलिस जांच में जुटी
बीसखोली में चोरी के बाद रात्रि पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मनोहरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बीसखोली मोहल्ले में अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मकान से करीब 12 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, बीसखोली निवासी अजय यादव चाईबासा जिला परिषद कार्यालय में नाजिर के पद पर कार्यरत हैं और परिवार के साथ चाईबासा में रहते हैं। दीपावली की छुट्टी के दौरान वह दो दिनों के लिए परिवार सहित मनोहरपुर स्थित अपने घर आए थे। इसके बाद वापस चाईबासा लौट गए। इसी दौरान मकान खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने सबसे पहले मुख्य गेट का ताला तोड़ा और घर के अंदर प्रवेश किया। इसके बाद अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे करीब 12 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : सोहराय की खुशियां मातम में बदलीं: अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार दो दोस्तों की मौत
परिवार के चाईबासा जाते ही खाली मकान को चोरों ने बनाया निशाना
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने मनोहरपुर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है। घटना के बाद बीसखोली मोहल्ले के स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि बंद मकानों को चोर आसानी से निशाना बना रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मोहल्ले में रात्रि गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने की मांग की है। फिलहाल पुलिस चोरी की घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।






















