पत्नी रुक्मिणी देवी, पुत्र ललित दास और पुत्रवधू सह विधायक पूर्णिमा दास साहू के साथ की विधि-विधान से पूजा, झारखंडवासियों की सुख-समृद्धि की कामना
विधायक पूर्णिमा दास साहू ने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : लौहनगरी जमशेदपुर में गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अपने परिवार के साथ गौ माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनकी पत्नी रुक्मिणी देवी, पुत्र ललित दास और पुत्रवधू सह जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू भी मौजूद रहीं। परिवार के सभी सदस्यों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार गौ माता की पूजा की और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व केवल धार्मिक आस्था और परंपरा तक सीमित नहीं है, बल्कि गौ माता के प्रति सम्मान, सेवा और संरक्षण का भी संदेश देता है। भारतीय संस्कृति में गौ माता का विशेष स्थान है और उनकी सेवा करना हमारी परंपरा का अभिन्न हिस्सा है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बागबेड़ा कॉलोनी में दर्जनों अस्थाई कृत्रिम छठ घाट बनाने की मांग, विधायक और उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
गोवर्धन पूजा पर रघुवर दास ने परिवार के साथ की गौ माता की आराधना
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने लोगों से गौ माता की सेवा और संरक्षण के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से प्रार्थना करते हुए कहा कि सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे। भगवान श्रीकृष्ण की कृपा से प्रत्येक परिवार खुशहाल रहे तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और आपसी भाईचारे की भावना मजबूत हो। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति, पशुधन और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशील रहने की प्रेरणा देती है। वहीं, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू ने कहा कि गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर पूरे परिवार के साथ गौ माता की पूजा-अर्चना कर उन्हें काफी प्रसन्नता हुई। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपरा में गौ माता का विशेष महत्व है। उनकी पूजा और सेवा से समाज में श्रद्धा एवं सकारात्मकता का भाव मजबूत होता है।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : राजनगर के गांवों में पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया सोहराय पर्व, बैल खुंटाव में झूमे पशुधन
गौ माता के संरक्षण और सेवा के लिए आगे आएं लोग : रघुवर दास
विधायक पूर्णिमा दास साहू ने भगवान श्रीकृष्ण और गौ माता से प्रार्थना की कि उनका आशीर्वाद झारखंड के सभी लोगों पर बना रहे। प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, खुशहाली और समृद्धि आए तथा प्रत्येक परिवार उन्नति की ओर अग्रसर हो। उन्होंने कामना की कि गौ माता सभी के जीवन में सुख और खुशियां लेकर आएं। इस अवसर पर उन्होंने झारखंडवासियों को गोवर्धन पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं। परिवार के साथ पारंपरिक तरीके से पूजा-अर्चना कर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पर्व के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व के साथ गौ संरक्षण का संदेश दिया।






















