Share

Potka : शंकरदा फुटबॉल टूर्नामेंट में भागाबांध की टीम बनी चैंपियन, रिचितुका को 1-0 से हराया

  • पोटका विधायक संजीव सरदार ने विजेता और उपविजेता टीमों को किया पुरस्कृत
  • विजेता को 30 हजार और उपविजेता को मिले 20 हजार रुपये
  • शंकरदा फुटबॉल टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, ग्रामीणों में उत्साह

जेबी लाइव, रिपोर्टर

पोटका : शंकरदा पंचायत में खेरवाड़ माडेर लोवाडीह के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। खिताबी मुकाबले में रुसिका स्पोर्ट्स भागाबांध की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए ओपन लाइन रिचितुका को 1-0 से पराजित कर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में भागाबांध की ओर से पीथो सोरेन ने निर्णायक गोल दागकर टीम को जीत दिलाई। इसके बाद ओपन लाइन रिचितुका के खिलाड़ियों ने बराबरी के लिए लगातार प्रयास किया, लेकिन भागाबांध के मजबूत रक्षात्मक खेल के सामने उनकी एक नहीं चली। निर्धारित समय तक भागाबांध ने अपनी बढ़त बरकरार रखी। दोनों टीमों के बीच हुए इस कड़े मुकाबले का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में खेलप्रेमी और ग्रामीण मैदान में मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें : Gua : सेल के किरीबुरू-मेघाहातुबुरू अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था पर श्रम विभाग सख्त, जारी किया नोटिस

32 टीमों के बीच मुकाबला, शानदार प्रदर्शन कर भागाबांध ने जीता खिताब

टूर्नामेंट में कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल और खेल भावना का परिचय दिया। पहले सेमीफाइनल मुकाबले में मारंग बुरु एफसी और रुसिका स्पोर्ट्स भागाबांध के बीच भिड़ंत हुई। इसमें भागाबांध की टीम ने 1-0 से जीत दर्ज कर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में माडवा क्लब रानीकुदार और ओपन लाइन रिचितुका के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। निर्धारित समय में मुकाबले का फैसला नहीं होने के बाद पेनल्टी शूटआउट का सहारा लिया गया, जिसमें ओपन लाइन रिचितुका ने जीत हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद फाइनल में भागाबांध और रिचितुका के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, जिसमें भागाबांध ने बाजी मार ली।

इसे भी पढ़ें : Manoharpur : मनोहरपुर सीएचसी में 3-4 माह से एंबुलेंस सेवा ठप, मरीजों की बढ़ी परेशानी

ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं : विधायक संजीव सरदार

टूर्नामेंट के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पोटका विधायक संजीव सरदार ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने की। इस तरह के खेल आयोजनों से ग्रामीण युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मौका मिलता है। साथ ही युवाओं में अनुशासन, आपसी सहयोग और खेल भावना का विकास होता है। उन्होंने सभी प्रतिभागी टीमों के खिलाड़ियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी मेहनत और लगन के साथ खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की भी सराहना की।

इसे भी पढ़ें : Manoharpur : मनोहरपुर में सड़क हादसे में 37 वर्षीय युवक की मौत, परिवार में पसरा मातम

विजेता भागाबांध को 30 हजार और उपविजेता रिचितुका को 20 हजार का पुरस्कार

आयोजन समिति की ओर से विजेता रुसिका स्पोर्ट्स भागाबांध की टीम को 30 हजार रुपये तथा उपविजेता ओपन लाइन रिचितुका की टीम को 20 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। वहीं, तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों के लिए 10-10 हजार रुपये का पुरस्कार निर्धारित किया गया था। इसके अलावा मैन ऑफ द सीरीज, मैन ऑफ द मैच, सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी, सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर और सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर जैसे व्यक्तिगत पुरस्कार भी रखे गए थे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जोसाई मार्डी उपस्थित रहे। मौके पर दुखु मार्डी, भूगलू टुडू समेत कई गणमान्य व्यक्ति, खिलाड़ी और सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे। आयोजन समिति ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment

Jamshedpur : बागबेड़ा कॉलोनी में दर्जनों अस्थाई कृत्रिम छठ घाट बनाने की मांग, विधायक और उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने छठ घाटों में पानी और साफ-सफाई की व्यवस्था कराने की उठाई मांग विधायक संजीव

  • पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने छठ घाटों में पानी और साफ-सफाई की व्यवस्था कराने की उठाई मांग
  • विधायक संजीव सरदार ने यूआईएसएल महाप्रबंधक को भेजी अनुशंसा
  • विधायक संजीव सरदार ने छठ घाट निर्माण के लिए यूआईएसएल को भेजी अनुशंसा

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जमशेदपुर : बागबेड़ा कॉलोनी में छठ महापर्व के मद्देनजर दर्जनों अस्थाई कृत्रिम छठ घाटों का निर्माण कराने, घाटों में पानी उपलब्ध कराने और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई है। इस संबंध में पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने पोटका विधायक संजीव सरदार एवं पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा। उन्होंने बताया कि बागबेड़ा कॉलोनी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु छठ महापर्व मनाते हैं। ऐसे में अस्थाई कृत्रिम घाटों का निर्माण और उनमें पानी की उपलब्धता सुनिश्चित होने से छठ व्रतधारियों को काफी सुविधा मिलेगी। विधायक संजीव सरदार ने इस मांग पर अनुशंसा पत्र यूआईएसएल (जुस्को) के महाप्रबंधक आर.के. सिंह को भी सौंपा है।

इसे भी पढ़ें : Seraikela : राजनगर के गांवों में पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया सोहराय पर्व, बैल खुंटाव में झूमे पशुधन

बागबेड़ा में छठ व्रतियों की सुविधा के लिए कृत्रिम घाट निर्माण की पहल

पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान व्रतधारियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए वे लगातार प्रयासरत हैं और आगे भी इस दिशा में प्रयास जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि कृत्रिम छठ घाटों के निर्माण के साथ पानी और साफ-सफाई की व्यवस्था होने से स्थानीय श्रद्धालुओं को दूर-दराज के घाटों पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वहीं, विधायक संजीव सरदार एवं उपायुक्त राजीव रंजन ने अस्थाई कृत्रिम छठ घाटों के निर्माण तथा घाटों में पानी उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन और संबंधित एजेंसियों के सहयोग से छठ महापर्व से पहले आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी।

Seraikela : राजनगर के गांवों में पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया सोहराय पर्व, बैल खुंटाव में झूमे पशुधन

ढोल-नगाड़ों की थाप और पारंपरिक गीतों के बीच किसानों ने की पशुधन की पूजा बुधवार को बुढ़ी बंधना के साथ

  • ढोल-नगाड़ों की थाप और पारंपरिक गीतों के बीच किसानों ने की पशुधन की पूजा
  • बुधवार को बुढ़ी बंधना के साथ संपन्न होगा सोहराय पर्व, कई गांवों में पूर्णिमा पर आयोजन

जेबी लाइव, रिपोर्टर

सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों में आदिवासी एवं ग्रामीण समुदायों का पारंपरिक सोहराय (बंदना) पर्व उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। पांच दिनों तक चलने वाले इस महत्वपूर्ण पर्व के चौथे दिन मंगलवार को विभिन्न गांवों में पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार बैल खुंटाव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कई गांवों में बैल खुंटाव प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ, जिसमें ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर पशुओं को नचाया गया। ग्रामीणों ने पारंपरिक गीत-संगीत के साथ पर्व का आनंद लिया। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और लोग अपनी परंपरा तथा संस्कृति को जीवंत बनाए रखने में जुटे रहे।

इसे भी पढ़ें : Seraikela : छठ महापर्व और कार्तिक पूर्णिमा को लेकर सरायकेला नगर पंचायत अलर्ट, शुरू हुई घाटों की सुरक्षा-सफाई

सोहराय पर्व के चौथे दिन बैल खुंटाव कार्यक्रम में दिखी आदिवासी संस्कृति की झलक

बैल खुंटाव के अवसर पर किसान सुबह-सुबह अपने पशुधन को स्नान कराकर उनकी विशेष सजावट करते हैं। इसके बाद दोपहर में खेतों से धान की बालियां लाकर उनसे आकर्षक फूल तैयार किए जाते हैं। गोहाल यानी पशुओं को रखने के स्थान पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद धान की बालियों से बने फूलों को बैलों और अन्य पशुओं के सींगों में सजाया जाता है। शाम होते ही घरों के आंगन में खूंटा गाड़कर पशुओं को बांधा जाता है। इसके बाद ढोल, नगाड़े और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप पर बैलों को नचाया जाता है। इस दौरान पशुधन की सक्रियता और नृत्य ग्रामीणों के आकर्षण का केंद्र बनते हैं। बैल खुंटाव के माध्यम से किसान अपने पशुओं के प्रति प्रेम, सम्मान और आभार प्रकट करते हैं। आदिवासी समाज में सोहराय पर्व को प्रकृति, कृषि और पशुधन से जुड़ा महत्वपूर्ण त्योहार माना जाता है। पशुधन को परिवार की समृद्धि और खुशहाली का प्रतीक समझा जाता है।

इसे भी पढ़ें : Potka : शंकरदा फुटबॉल टूर्नामेंट में भागाबांध की टीम बनी चैंपियन, रिचितुका को 1-0 से हराया

धान की बालियों से सजाए गए पशुओं के सींग, ढोल-नगाड़ों पर थिरके बैल

वहीं, बुधवार को सोहराय पर्व के पांचवें और अंतिम दिन पारंपरिक रूप से बुढ़ी बंधना मनाया जाएगा। इसके साथ ही कई गांवों में पांच दिवसीय सोहराय पर्व का समापन होगा। दूसरी ओर, राजनगर प्रखंड के रोड़ा, भुरसा, छोटा कुनाबेड़ा एवं चांवराडीह गांव में पूर्णिमा के अवसर पर सोहराय पर्व मनाया जाएगा। इन गांवों में भी पर्व को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। ग्रामीण पारंपरिक पूजा-पाठ, गीत-संगीत और सामूहिक आयोजन के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। सोहराय पर्व न केवल पशुधन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, बल्कि यह ग्रामीण समाज में आपसी भाईचारे, एकता और पारंपरिक जीवनशैली को मजबूत करने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।

Seraikela : छठ महापर्व और कार्तिक पूर्णिमा को लेकर सरायकेला नगर पंचायत अलर्ट, शुरू हुई घाटों की सुरक्षा-सफाई

नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक तीन प्रमुख घाटों पर सफाई, रोशनी, चेंजिंग रूम और

  • नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक
  • तीन प्रमुख घाटों पर सफाई, रोशनी, चेंजिंग रूम और तैराक कर्मियों की होगी तैनाती
  • छठ और कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर पंचायत की विशेष तैयारी

जेबी लाइव, रिपोर्टर

सरायकेला : आगामी छठ महापर्व एवं कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नगर पंचायत सरायकेला ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में नगर पंचायत कार्यालय सभागार में अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी विपुल सनी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान नगर क्षेत्र के प्रमुख नदी घाटों श्री जगन्नाथ घाट, कुंदरसाई घाट एवं श्मशान काली मंदिर घाट पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक जनसुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। अध्यक्ष ने संबंधित पदाधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि पर्व से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।

इसे भी पढ़ें : Potka : शंकरदा फुटबॉल टूर्नामेंट में भागाबांध की टीम बनी चैंपियन, रिचितुका को 1-0 से हराया

छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर सरायकेला नगर पंचायत ने कसी कमर

बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि छठ महापर्व और कार्तिक पूर्णिमा हमारी आस्था, संस्कृति एवं परंपरा से जुड़े महत्वपूर्ण पर्व हैं। इन अवसरों पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु नदी घाटों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना और स्नान करते हैं। ऐसे में नगर पंचायत की प्राथमिकता है कि सभी घाटों पर स्वच्छता, रोशनी और सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने बताया कि सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए कार्यालय आदेश जारी कर दिया गया है। इसके तहत पदाधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी निर्धारित कर दी गई है। संबंधित कर्मियों को अपने-अपने निर्धारित घाटों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है। पर्व के दौरान भी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न नहीं हो।

इसे भी पढ़ें : Gua : सेल के किरीबुरू-मेघाहातुबुरू अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था पर श्रम विभाग सख्त, जारी किया नोटिस

तीन प्रमुख नदी घाटों की सफाई के लिए कर्मियों की जिम्मेदारी तय

नगर पंचायत की ओर से घाटों की साफ-सफाई के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। श्री जगन्नाथ घाट पर सफाई पर्यवेक्षक समीर रजक के नेतृत्व में अर्जुन गोप एवं बालू प्रसाद महतो को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, कुंदरसाई घाट और श्मशान काली मंदिर घाट की सफाई का कार्य पर्यवेक्षक बबन कुमार के नेतृत्व में बजरंग महंती, रोहित कुमार साहू एवं जीतू खलखो संभालेंगे। इन सभी घाटों की सफाई व्यवस्था के लिए नगर प्रबंधक देवाशीष प्रधान को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि घाटों पर नियमित सफाई सुनिश्चित करें तथा कचरे का समय पर निस्तारण कराएं। श्रद्धालुओं के आवागमन वाले रास्तों और घाटों के आसपास भी विशेष साफ-सफाई रखने पर जोर दिया गया है, ताकि पर्व के दौरान स्वच्छ वातावरण बना रहे।

इसे भी पढ़ें : Manoharpur : मनोहरपुर सीएचसी में 3-4 माह से एंबुलेंस सेवा ठप, मरीजों की बढ़ी परेशानी

घाटों पर रोशनी और महिलाओं के चेंजिंग रूम की भी होगी व्यवस्था

प्रकाश व्यवस्था और महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की जिम्मेदारी भी अलग-अलग कर्मियों को सौंपी गई है। श्री जगन्नाथ घाट पर विशाल ब्रज सिंहदेव को तथा कुंदरसाई घाट एवं श्मशान काली मंदिर घाट पर सूरज सिंह ठाकुर को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। इस व्यवस्था के नोडल पदाधिकारी कनीय अभियंता संदीप कुमार होंगे। वहीं, घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए श्री जगन्नाथ घाट पर सामुदायिक संगठनकर्ता मनोज खाखा तथा कुंदरसाई घाट एवं श्मशान काली मंदिर घाट पर सहायक प्रह्लाद कुमार साहू को जिम्मेदारी दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए कनीय अभियंता अजय सुंडी को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। नगर पंचायत का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को घाटों पर पर्याप्त रोशनी मिले और महिलाओं को कपड़े बदलने के लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हो।

इसे भी पढ़ें : Gua : किरीबुरू के मंगला बाजार में मोटर पार्ट्स दुकान में लगी आग, बड़ा हादसा टला

नदी घाटों पर सुरक्षा के लिए तैनात रहेंगे तैराक, अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी

नदी घाटों पर किसी भी संभावित दुर्घटना से निपटने के लिए तैराक कर्मियों की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है। श्री जगन्नाथ घाट पर प्रदीप कालुवा एवं विकास मुखी तथा कुंदरसाई घाट और श्मशान काली मंदिर घाट पर राजा राम एवं चमाई सोरेन को तैनात किया जाएगा। इस व्यवस्था के नोडल पदाधिकारी कनीय अभियंता विक्की गोप होंगे। अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों और कर्मचारियों को पर्व से पूर्व अपने-अपने कार्यों को पूरा करने तथा पर्व के दौरान लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया। बैठक में सिटी मैनेजर सुमित सुमन, कनीय अभियंता विक्की गोप, संदीप कुमार, सीएमएम मणि मुकुट सोरेन, चांदी मिंज, नगर पंचायत के सफाई सुपरवाइजर सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे। नगर पंचायत की इन तैयारियों से श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से पर्व मनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Gua : सेल के किरीबुरू-मेघाहातुबुरू अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था पर श्रम विभाग सख्त, जारी किया नोटिस

10 दिनों के भीतर अस्पताल प्रबंधन को कार्रवाई की रिपोर्ट सौंपने का निर्देश विशेषज्ञ डॉक्टरों, आधुनिक जांच मशीनों और बेहतर

  • 10 दिनों के भीतर अस्पताल प्रबंधन को कार्रवाई की रिपोर्ट सौंपने का निर्देश
  • विशेषज्ञ डॉक्टरों, आधुनिक जांच मशीनों और बेहतर इलाज की सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग
  • मेडिकल बिल प्रतिपूर्ति को लेकर भी यूनियन ने उठाई आवाज

जेबी लाइव, रिपोर्टर

गुवा : सेल (SAIL) की किरीबुरू एवं मेघाहातुबुरू इकाइयों में कार्यरत कर्मचारियों और उनके आश्रितों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का मामला अब श्रम विभाग तक पहुंच गया है। झारखंड मजदूर संघर्ष संघ की शिकायत पर भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अधीन सहायक श्रम आयुक्त (केंद्रीय) ने किरीबुरू-मेघाहातुबुरू जनरल अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी किया है। श्रम विभाग ने अस्पताल प्रबंधन को यूनियन की ओर से उठाई गई मांगों पर उचित कार्रवाई करने तथा 10 दिनों के भीतर प्रत्येक मांग पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट यूनियन को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। इस कार्रवाई के बाद अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जगी है।

इसे भी पढ़ें : Manoharpur : मनोहरपुर सीएचसी में 3-4 माह से एंबुलेंस सेवा ठप, मरीजों की बढ़ी परेशानी

मजदूर संघ की शिकायत पर श्रम विभाग ने अस्पताल प्रबंधन से मांगा जवाब

सहायक श्रम आयुक्त (केंद्रीय), हजारीबाग सह प्रभारी चाईबासा शुभांक संजीव की ओर से जारी पत्र में यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडेय द्वारा सौंपे गए मांग पत्र पर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है। यूनियन ने अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि यहां कई आवश्यक विशेषज्ञ चिकित्सकों, आधुनिक जांच मशीनों और विशेष उपचार सुविधाओं का अभाव है। इसके कारण गंभीर बीमारियों से पीड़ित कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों का चक्कर लगाना पड़ता है। संघ का कहना है कि सेल जैसी सार्वजनिक क्षेत्र की बड़ी कंपनी के अस्पताल में कर्मचारियों और उनके आश्रितों को पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं मिलनी चाहिए, ताकि आपातकालीन और गंभीर बीमारियों की स्थिति में उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े।

इसे भी पढ़ें : Manoharpur : मनोहरपुर में सड़क हादसे में 37 वर्षीय युवक की मौत, परिवार में पसरा मातम

विशेषज्ञ डॉक्टरों और जांच मशीनों की कमी से कर्मचारियों को हो रही परेशानी

यूनियन ने मांग की है कि जिन बीमारियों के उपचार की सुविधा किरीबुरू-मेघाहातुबुरू अस्पताल में उपलब्ध नहीं है, वैसे मरीजों को बिना अनावश्यक देरी के दूसरे उपयुक्त अस्पताल में रेफर किया जाए। रेफरल का निर्णय किसी डॉक्टर की व्यक्तिगत इच्छा के बजाय मरीज की बीमारी और उसकी वास्तविक चिकित्सा जरूरत के आधार पर होना चाहिए। यदि किसी मरीज को रेफर करने से इनकार किया जाता है, तो अस्पताल प्रबंधन की ओर से उसका लिखित कारण उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा अस्पताल में कार्यरत विशेषज्ञ चिकित्सकों, उपलब्ध जांच मशीनों और विभिन्न चिकित्सा विभागों की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की गई है। संघ ने विशेष रूप से आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल रेफरल की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया है, ताकि गंभीर मरीजों का समय पर समुचित इलाज हो सके।

इसे भी पढ़ें : Gua : किरीबुरू के मंगला बाजार में मोटर पार्ट्स दुकान में लगी आग, बड़ा हादसा टला

गंभीर मरीजों को तत्काल रेफरल और इलाज की सुविधा देने की मांग

इसके साथ ही झारखंड मजदूर संघर्ष संघ ने निजी अस्पतालों में कर्मचारियों द्वारा अपने खर्च पर कराए गए इलाज की मेडिकल खर्च प्रतिपूर्ति का मुद्दा भी उठाया है। यूनियन का कहना है कि यदि अस्पताल प्रबंधन की ओर से उचित रेफरल नहीं दिया जाता है और कर्मचारी मजबूरी में निजी अस्पताल में इलाज कराते हैं, तो उनके मेडिकल क्लेम को केवल तकनीकी आधार पर खारिज नहीं किया जाना चाहिए। ऐसे मामलों में संबंधित चिकित्सा दस्तावेजों, जांच रिपोर्ट और इलाज की परिस्थितियों के आधार पर दावों की निष्पक्ष समीक्षा कर नियमानुसार भुगतान किया जाना चाहिए। श्रम विभाग की ओर से नोटिस जारी होने के बाद अब अस्पताल प्रबंधन की कार्रवाई पर कर्मचारियों और उनके आश्रितों की निगाहें टिकी हैं। विशेष रूप से 10 दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश से चिकित्सा सुविधाओं में सुधार को लेकर उम्मीद बढ़ी है।

Manoharpur : मनोहरपुर सीएचसी में 3-4 माह से एंबुलेंस सेवा ठप, मरीजों की बढ़ी परेशानी

108 और 104 की चारों एंबुलेंस खराब, प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष सीताराम गोप ने स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर की तत्काल

  • 108 और 104 की चारों एंबुलेंस खराब, प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष सीताराम गोप ने स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर की तत्काल व्यवस्था की मांग
  • स्वास्थ्य मंत्री से मनोहरपुर में एंबुलेंस सेवा बहाल करने की मांग

जेबी लाइव, रिपोर्टर

मनोहरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में पिछले तीन से चार महीनों से एंबुलेंस सेवा पूरी तरह ठप है। इससे प्रखंड क्षेत्र के मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर सड़क दुर्घटना में घायल लोगों, गर्भवती महिलाओं, प्रसूता और गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में कठिनाई हो रही है। इस गंभीर समस्या को लेकर प्रखंड कांग्रेस कमेटी, मनोहरपुर के अध्यक्ष सीताराम गोप ने उपायुक्त, पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) के माध्यम से झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर तत्काल एंबुलेंस उपलब्ध कराने की मांग की है। पत्र में बताया गया है कि प्रखंड में संचालित 108 और 104 सेवा की कुल चार एंबुलेंस पिछले तीन-चार महीनों से खराब पड़ी हैं।

इसे भी पढ़ें : Manoharpur : मनोहरपुर में सड़क हादसे में 37 वर्षीय युवक की मौत, परिवार में पसरा मातम

मनोहरपुर में एंबुलेंस के अभाव में मरीजों को हो रही परेशानी

पत्र में सीताराम गोप ने कहा है कि मनोहरपुर एक अतिपिछड़ा ग्रामीण क्षेत्र है, जहां बड़ी आबादी इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर निर्भर है। एंबुलेंस सेवा बंद होने से आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों द्वारा कई बार संबंधित उच्च अधिकारियों के समक्ष इस समस्या को उठाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। कुछ महीने पहले तक एंबुलेंस सेवा उपलब्ध थी, लेकिन वर्तमान में सभी एंबुलेंस खराब होने से व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से जनहित की इस गंभीर समस्या पर अविलंब संज्ञान लेते हुए मनोहरपुर सीएचसी को नई या दुरुस्त एंबुलेंस उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। पत्र की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री झारखंड सरकार और झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी के. राजू को भी भेजी गई है।

Manoharpur : मनोहरपुर में सड़क हादसे में 37 वर्षीय युवक की मौत, परिवार में पसरा मातम

तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर खेत में गिरी बाइक, सिर और चेहरे पर गंभीर चोट लगने से मौके पर गई

  • तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर खेत में गिरी बाइक, सिर और चेहरे पर गंभीर चोट लगने से मौके पर गई जान
  • रोंगो गांव में सड़क हादसे के बाद परिवार में पसरा मातम

जेबी लाइव, रिपोर्टर

मनोहरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रोंगो गांव में सोमवार देर शाम हुए सड़क हादसे में 37 वर्षीय अनिल चेरोवा की मौत हो गई। दुर्घटना बीएसएनएल टावर के समीप एक तीखे मोड़ पर हुई। जानकारी के अनुसार, अनिल गांव में आयोजित फुटबॉल मैच देखने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तीखे मोड़ पर उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित खेत में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि उनके सिर और चेहरे पर गहरी चोटें आईं। चोटों के कारण उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

इसे भी पढ़ें : Gua : किरीबुरू के मंगला बाजार में मोटर पार्ट्स दुकान में लगी आग, बड़ा हादसा टला

फुटबॉल मैच देखकर घर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में गई जान

घटना की जानकारी मंगलवार सुबह परिजनों को मिली, जिसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलने पर मनोहरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया। इस दर्दनाक हादसे से रोंगो गांव में शोक की लहर है। वहीं, 37 वर्षीय अनिल की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Comment

You cannot copy content of this page

Scroll to Top