स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
जेटेया स्वास्थ्य केंद्र में दुर्व्यवहार और धमकी देने का लगाया आरोप
आदिवासी संगठनों ने जिला प्रशासन से की पहल
जिला प्रशासन ने मरीजों का विवरण मिलने पर मच्छरदानी देने का दिया आश्वासन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
नोवामुंडी/जगन्नाथपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी प्रखंड अंतर्गत जमजुई गांव में मलेरिया का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। गांव में अब तक 20 से अधिक लोग मलेरिया से पीड़ित बताए जा रहे हैं, जबकि मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। बीमारी के बढ़ते खतरे को देखते हुए आदिवासी हो समाज युवा महासभा और नेशनल आदिवासी रिवाईवल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ जागरूकता बैठक आयोजित की। बैठक में ग्रामीणों को मलेरिया के लक्षण, संक्रमण के कारण, बचाव के उपाय और समय पर इलाज कराने की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। ग्रामीणों को बताया गया कि मलेरिया से बचाव के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ सामुदायिक स्तर पर भी सतर्कता जरूरी है।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : बाल विवाह रुकवाने वाली साहसी छात्रा बाल दिवस पर सम्मानित, बच्चों ने ली कुरीति के खिलाफ शपथ
मलेरिया से बचाव के लिए ग्रामीणों को स्वच्छता और सतर्कता का संदेश
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने जेटेया स्थित सरकारी स्वास्थ्य केंद्र की कार्यशैली पर गंभीर नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने सामाजिक प्रतिनिधियों के समक्ष आरोप लगाया कि इलाज कराने स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है। उनका कहना था कि स्वास्थ्य केंद्र में प्रवेश करते ही कथित तौर पर गाली-गलौज की जाती है और धमकी भरे लहजे में पूछा जाता है कि पहले क्यों नहीं आए। ग्रामीणों के अनुसार, उन्हें यह कहकर भी वापस जाने को कहा जाता है कि यहां कुछ नहीं होगा। इस व्यवहार से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा मरीजों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित कराने की मांग की।
इसे भी पढ़ें : Manoharpur : सुनसुना में छठ महापर्व पर फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन, विधायक जगत माझी ने किया उद्घाटन
जेटेया स्वास्थ्य केंद्र में दुर्व्यवहार का आरोप, ग्रामीणों ने जताया आक्रोश
ग्रामीणों ने बताया कि मलेरिया के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए सदर अस्पताल चाईबासा से वरिष्ठ चिकित्सक एवं मेडिकल टीम जमजुई गांव का दौरा कर चुकी है। टीम ने मरीजों के उपचार और बीमारी की रोकथाम को लेकर आवश्यक चिकित्सकीय दिशा-निर्देश दिए हैं। हालांकि, संक्रमण के बढ़ते मामलों से ग्रामीण चिंतित हैं। उन्होंने सामाजिक संगठनों से अपील की कि बीमारी की रोकथाम के लिए गांव में तत्काल मच्छरदानी उपलब्ध कराई जाए। जागरूकता बैठक में संगठनों के प्रतिनिधियों ने घरों और आसपास जलजमाव नहीं होने देने, नियमित साफ-सफाई रखने, मच्छरदानी का इस्तेमाल करने तथा बुखार आने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में मलेरिया जांच कराने की सलाह दी। साथ ही स्वच्छ पेयजल, संतुलित खान-पान और बेहतर रहन-सहन पर भी जोर दिया गया।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 65 बोतल शराब के साथ दुकानदार गिरफ्तार
20 से अधिक मरीजों के बाद बढ़ी चिंता, गांव में मच्छरदानी की मांग
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आदिवासी हो समाज युवा महासभा के राष्ट्रीय महासचिव गब्बरसिंह हेम्ब्रम ने सदर अस्पताल चाईबासा एवं पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन से संपर्क किया। उन्होंने मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा मलेरिया के प्रसार पर रोक लगाने के लिए अविलंब मच्छरदानी की व्यवस्था करने का अनुरोध किया। इस पर जिला प्रशासन की ओर से मरीजों का विवरण उपलब्ध कराने के बाद मच्छरदानी मुहैया कराने का आश्वासन दिया गया। संगठन ने मलेरिया मुक्त गांव बनाने के लिए ग्रामीणों से सामूहिक प्रयास, जागरूकता और समय पर उपचार को प्राथमिकता देने की अपील की। बैठक में पहाड़ सिंह लागुरी, बागुन लागुरी, रंजीत सिरका, शंकर सिरका, विजय लागुरी, गणेश लागुरी, मुर्गी सिरका, बासु लागुरी, दामु लागुरी, जितेन केराई, राजेश सिरका और जंडोए लागुरी सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।

























