मेले को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए ग्राम सभा आयोजित कर होगा कमेटी का गठन
स्वच्छता, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर रहेगा विशेष जोर
राजकीय मेले में श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा के लिए बनेगी विशेष आयोजन समिति
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : प्रखंड क्षेत्र के प्रसिद्ध चित्रेश्वर मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले आगामी राज्य स्तरीय मेले की तैयारियों को लेकर बुधवार को ग्राम एवं मंदिर कमेटी के सदस्यों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विधायक समीर मोहंती का बैंड-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान मेले के सफल, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उल्लेखनीय है कि विधायक समीर मोहंती के विशेष प्रयासों से झारखंड सरकार द्वारा चित्रेश्वर मंदिर के मेले को राजकीय मेले का दर्जा प्रदान किया गया है। इस उपलब्धि के बाद मेले को ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप देने की दिशा में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। बैठक में निर्णय लिया गया कि जल्द ही ग्राम प्रधान, ग्राम सेवक और ग्रामीणों की उपस्थिति में ग्राम सभा आयोजित कर आयोजन समिति का गठन किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : झारखंड स्थापना दिवस पर गृह प्रवेश सप्ताह : सरायकेला-खरसावां में 534 परिवारों को मिला नए घर का उपहार
चित्रेश्वर मंदिर के मेले को राजकीय दर्जा मिलने के बाद आयोजन की तैयारियां शुरू
बैठक में मेले के दौरान साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं के लिए बुनियादी सुविधाएं और यातायात प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष ध्यान देने पर सहमति बनी। प्रस्तावित कमेटी के माध्यम से सदस्यों के बीच अलग-अलग जिम्मेदारियां निर्धारित की जाएंगी, ताकि आयोजन के प्रत्येक कार्य को व्यवस्थित ढंग से पूरा किया जा सके। ग्रामीणों एवं मंदिर कमेटी के सदस्यों ने आपसी सहयोग और सामूहिक भागीदारी से राजकीय मेले को सफल बनाने का संकल्प लिया। बैठक में असित मिश्रा, निमाई पोइड़ा, रास बिहारी साहू, बिसु ओझा, यदूपति राणा, आकुल नायक, चित्यप्रसाद घोष, सामु लेंका, खागेंद्र नाथ सतपति, बिस्वजीत सतपति, गौरीपद शामल, जवाहर लाल लेंका और बिजय लेंका सहित कई गणमान्य ग्रामीण एवं कमेटी के सदस्य उपस्थित थे।























