1140 क्वार्टरों में नियमित पेयजल आपूर्ति और नए फिल्टर पंप हाउस की उच्चस्तरीय जांच की मांग
कार्यपालक अभियंता ने दिया शीघ्र समाधान का आश्वासन
पीएचईडी कार्यपालक अभियंता ने बागबेड़ा की समस्याओं के शीघ्र समाधान का दिया भरोसा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी में अनियमित जलापूर्ति समेत सात प्रमुख जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता एवं मुखिया प्रतिनिधि केडी मुंडा ने बुधवार को पीएचईडी विभाग के कार्यपालक अभियंता शिवकुमार दिनकर को सात सूत्री मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र के माध्यम से 1140 क्वार्टरों में नियमित, निर्धारित समय पर और शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की गई। इसके अलावा रोड नंबर-4 स्थित काली मंदिर परिसर के आसपास पिछले तीन महीने से बंद जलापूर्ति को तत्काल चालू कराने का मुद्दा उठाया गया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पेयजल की अनियमितता से स्थानीय निवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों की इस बुनियादी समस्या का स्थायी समाधान विभाग को प्राथमिकता के आधार पर करना चाहिए।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : चित्रेश्वर मंदिर में राज्य स्तरीय मेले की तैयारियां तेज, विधायक समीर मोहंती की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक
बागबेड़ा के 1140 क्वार्टरों में नियमित पानी की आपूर्ति की मांग, तीन महीने से बंद जलापूर्ति पर नाराजगी
मांग पत्र में वर्ष 2025 में करीब 1 करोड़ 88 लाख रुपये की लागत से निर्मित नए फिल्टर पंप हाउस की उच्चस्तरीय तकनीकी एवं वित्तीय जांच कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने आरोप लगाया कि नए बिष्टुपुर फिल्टर प्लांट की उच्चस्तरीय जांच होने पर बड़े घोटाले का खुलासा हो सकता है। उन्होंने इस मामले में संबंधित विभागीय पदाधिकारियों और संवेदक की संभावित मिलीभगत की भी जांच कराने की मांग की। इसके अतिरिक्त जिला उपायुक्त को पूर्व में सौंपे गए आवेदनों पर कार्रवाई करने, विभागीय बैठकों में सभी जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने तथा कनीय अभियंता के कार्यालय में बैठने का समय निर्धारित करने की मांग की गई। रोड नंबर-2 स्थित कुंवर सिंह मैदान के गड्ढे का समतलीकरण कराने का मुद्दा भी उठाया गया।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : झारखंड स्थापना दिवस पर गृह प्रवेश सप्ताह : सरायकेला-खरसावां में 534 परिवारों को मिला नए घर का उपहार
1.88 करोड़ के फिल्टर पंप हाउस की जांच की मांग, सुनील गुप्ता ने उठाए अनियमितता के सवाल
मांग पत्र प्राप्त करने के बाद कार्यपालक अभियंता शिवकुमार दिनकर ने सभी बिंदुओं का अवलोकन किया और संबंधित समस्याओं की वस्तुस्थिति से अवगत हुए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि उठाई गई समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र आवश्यक पहल की जाएगी। जनप्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि विभाग अपने आश्वासन के अनुरूप जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार करेगा और अन्य लंबित समस्याओं का भी जल्द निराकरण करेगा। उन्होंने कहा कि बागबेड़ा के लोगों को नियमित पेयजल और बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है। मांग पत्र सौंपने की इस पहल से स्थानीय समस्याओं के समाधान की उम्मीद जगी है।























