18 नवंबर को 93 आवासों में कराया गया गृह प्रवेश
चार दिनों में नौ प्रखंडों के लाभुक परिवारों को पौधा
बधाई पत्र और आवास की चाबी देकर किया गया सम्मानित
गृह प्रवेश सप्ताह के तहत लाभुकों को अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की तैयारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला : झारखंड स्थापना दिवस एवं वर्तमान राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सरायकेला-खरसावां जिले में गृह प्रवेश सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। 15 से 21 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस विशेष अभियान के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों में आवास योजनाओं के अंतर्गत पूर्ण किए गए घरों में लाभुक परिवारों का गृह प्रवेश कराया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार, 18 नवंबर को जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में कुल 93 आवासों में लाभुक परिवारों को गृह प्रवेश कराया गया। इस दौरान पंचायत समिति सदस्यों, मुखिया, ग्राम प्रधान, वार्ड सदस्यों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में लाभुकों को नए घर की चाबी, पौधा और व्यक्तिगत बधाई पत्र देकर सम्मानित किया गया। नए आवास में प्रवेश मिलने से लाभुक परिवारों में खुशी का माहौल रहा।
इसे भी पढ़ें : Gua : अक्षय नवमी पर आंवले के वृक्ष की पूजा-अर्चना, गुवा में 10 हजार श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया खिचड़ी का प्रसाद
झारखंड स्थापना दिवस पर जिले के 93 परिवारों को मिला नए घर का तोहफा

गृह प्रवेश सप्ताह के तहत 15 से 18 नवंबर तक जिले में कुल 534 लाभुक परिवारों ने अपने नए आवास में गृह प्रवेश किया है। प्रखंडवार आंकड़ों के अनुसार चांडिल में 59, गम्हरिया में 71, ईचागढ़ में 60, खरसावां में 57, कुचाई में 43, कुकड़ू में 47, नीमडीह में 73, राजनगर में 73 तथा सरायकेला प्रखंड में 51 आवासों में गृह प्रवेश कराया गया है। वहीं, 18 नवंबर को चांडिल में 13, गम्हरिया में 8, ईचागढ़ में 9, खरसावां में 10, कुचाई में 7, कुकड़ू में 12, नीमडीह में 15, राजनगर में 11 तथा सरायकेला प्रखंड में 8 परिवारों को गृह प्रवेश कराया गया। इस प्रकार जिले के सभी नौ प्रखंडों में अभियान के तहत लाभुकों को आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया उत्साहपूर्वक संचालित की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : Novamundi : प्रोजेक्ट प्राण के तहत नवउन्नत पेटेता पंचायत सचिवालय का विधायक सोनाराम सिंकु ने किया पुनः लोकार्पण
चार दिनों में नौ प्रखंडों के 534 परिवारों ने नए आवास में किया गृह प्रवेश
गृह प्रवेश सप्ताह को केवल नए घर की चाबी सौंपने तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ जीवनशैली को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। अभियान के तहत ‘हर आवास, एक पेड़’ पहल के अंतर्गत प्रत्येक लाभुक परिवार को अपने घर के आसपास फलदार एवं छायादार पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके साथ ही वर्षा जल संचयन, स्वच्छता और पोषण वाटिका के महत्व को लेकर भी जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि प्रत्येक परिवार को पक्का आवास मिलने के साथ उसके आसपास स्वच्छ, हरा-भरा और स्वस्थ वातावरण भी विकसित हो। लाभुकों को पौधे देकर पर्यावरण के प्रति उनकी जिम्मेदारी का संदेश भी दिया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा सेल अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ बुनियादी व्यवस्थाओं का विस्तार, महिला कर्मियों के लिए खुला विशेष जिम
‘हर आवास, एक पेड़‘ अभियान से गृह प्रवेश सप्ताह में जुड़ रहा पर्यावरण संरक्षण का संदेश
जिला प्रशासन की ओर से संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि 15 से 21 नवंबर तक निर्धारित गृह प्रवेश सप्ताह के दौरान सभी पूर्ण आवासों में लाभुक परिवारों का गृह प्रवेश सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही पात्र लाभुक परिवारों को सरकार की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। प्रशासन का प्रयास है कि आवास योजना का लाभ वास्तविक जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचे और उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने के लिए बेहतर सुविधाएं मिलें। झारखंड स्थापना दिवस और राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित यह अभियान ग्रामीण परिवारों के जीवन में खुशियां लाने के साथ आवास, स्वच्छता, पोषण और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।























