सात लोगों को संविदा पर रोजगार देने पर राजी हुआ यूसील प्रबंधन
अंचलाधिकारी मनोज कुमार और सुंदरनगर थाना प्रभारी अजीत मुंडा की पहल पर देर रात बनी सहमति
32 गांवों की बैठक में तय होगी नियोजन सूची
हितकु चौक पर 32 गांवों की बैठक में तय होंगे सात ग्रामीणों के नियोजन के नाम
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : सुंदरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत हितकु पंचायत में स्थानीय विस्थापित एवं प्रभावित बेरोजगार संघर्ष समिति की ओर से यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसील) के खिलाफ अपनी मांगों को लेकर पिछले पांच दिनों से जारी अनिश्चितकालीन आमरण अनशन मंगलवार देर रात समाप्त हो गया। जमशेदपुर अंचलाधिकारी मनोज कुमार और सुंदरनगर थाना प्रभारी अजीत मुंडा की पहल एवं मध्यस्थता के बाद यूसील प्रबंधन सात ग्रामीणों को संविदा पर रोजगार देने के लिए राजी हो गया। प्रबंधन की सहमति मिलने के बाद आंदोलनकारियों ने अपना आमरण अनशन समाप्त कर दिया। इस दौरान अंचलाधिकारी मनोज कुमार ने अनशनकारियों को पानी पिलाकर अनशन समाप्त कराया। इस समझौते को आंदोलनकारियों ने अपनी मांगों की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता बताया। हालांकि, सात लोगों के नामों पर अंतिम निर्णय 32 गांवों के ग्रामीणों के साथ विचार-विमर्श के बाद लिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : 25 साल बाद कोलकाता से जमशेदपुर लौटे संतोष साहू को मिला सहारा, डालसा और समाजसेवियों ने आश्रय गृह में दिलाई जगह
पांच दिनों के आंदोलन के बाद यूसील प्रबंधन झुका, सात ग्रामीणों को मिलेगा रोजगार
मामले का समाधान निकालने के लिए जमशेदपुर अंचलाधिकारी मनोज कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार सुबह 11 बजे यूसील प्रबंधन और अनशनकारियों के बीच पहले चरण की वार्ता आयोजित हुई, लेकिन बातचीत बेनतीजा रही। इसके बाद शाम पांच बजे दोबारा बैठक बुलाई गई। इसमें अंचलाधिकारी मनोज कुमार और सुंदरनगर थाना प्रभारी अजीत मुंडा ने दोनों पक्षों के बीच समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया। कई दौर की चर्चा के बाद देर रात प्रबंधन सात ग्रामीणों को संविदा पर नियोजित करने की मांग पर सहमत हुआ। इसके बाद पांच दिनों से जारी आमरण अनशन समाप्त कराया गया। बैठक में आंदोलनकारियों की ओर से अशोक दास, मनु सिंह और पलटन मुर्मू शामिल हुए। वहीं, यूसील प्रबंधन की ओर से राकेश कुमार, एसके सेनगुप्ता, गिरीश गुप्ता समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बागबेड़ा में जलापूर्ति समेत सात जनसमस्याओं को लेकर पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता को सौंपा मांग पत्र
अंचलाधिकारी मनोज कुमार की पहल पर देर रात बनी सहमति, समाप्त हुआ आमरण अनशन
समझौते के बाद अब नियोजन की सूची तैयार करने को लेकर अगली बैठक गुरुवार को सुबह 11 बजे हितकु चौक पर आयोजित की जाएगी। इसमें यूसील प्रबंधन के प्रतिनिधियों के साथ 32 गांवों के ग्रामीण और आंदोलनकारी शामिल होंगे। बैठक में ग्रामीणों के साथ विचार-विमर्श कर संविदा पर नियोजन के लिए सात लोगों के नामों की अंतिम सूची तैयार की जाएगी। समिति का उद्देश्य है कि नियोजन में प्रभावित एवं विस्थापित गांवों के लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो। इस बैठक को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों में उत्सुकता है। अब सभी की निगाहें गुरुवार को होने वाली बैठक पर टिकी हैं, जहां सात ग्रामीणों के चयन और आगे की नियोजन प्रक्रिया को अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है।























